जालंधर-लुधियाना नेशनल हाईवे पर बड़ा एक्सीडेंट

CRIME JALANDHAR ZEE PUNJAB TV

डिवाइडर से टकराने के बाद कार दूसरी गाड़ी पर चढ़ी, बाल-बाल बचे चालक

जालंधर 27 अप्रैल (ब्यूरो) : गोराया के पास जालंधर-लुधियाना नेशनल हाईवे पर सोमवार को एक बड़ा सड़क हादसा देखने को मिला, जब एचपी पेट्रोल पंप के समीप दो कारें आपस में टकरा गईं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक कार दूसरी गाड़ी के ऊपर जा चढ़ी। हादसे के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

 

प्रत्यक्षदर्शियों द्वारा सूचना दिए जाने के बाद पुलिस और सड़क सुरक्षा फोर्स तुरंत मौके पर पहुंची। एसएसएफ के एएसआई जसविंदर सिंह ने बताया कि कीया सेल्टोस कार, जिसे मनीष कुमार चला रहे थे, जालंधर से गोराया की तरफ जा रही थी। इसी दौरान पीछे से आ रही फोर्ड ईकोस्पोर्ट, जिसे रंजीत सिंह चला रहे थे, अचानक एचपी पेट्रोल पंप के नजदीक डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर के बाद चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया और गाड़ी आगे चल रही सेल्टोस से जा भिड़ी, जिससे ईकोस्पोर्ट कार सेल्टोस के ऊपर चढ़ गई।

हालांकि इस हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ, लेकिन दोनों वाहनों को भारी नुकसान पहुंचा। दुर्घटना के बाद पुलिस ने स्थानीय लोगों की सहायता से दोनों क्षतिग्रस्त गाड़ियों को सड़क किनारे हटवाया और यातायात को सुचारु रूप से दोबारा शुरू करवाया।

फिलहाल पुलिस ने दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर लिए हैं और मामले की जांच के आधार पर अगली कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *