जालंधर में बड़ा हादसा टला, इंडियन ऑयल टैंकर में लगी आग पर समय रहते पाया काबू
जालंधर 30 अप्रैल (ब्यूरो) : जालंधर के सुच्ची पिंड स्थित इंडियन ऑयल डिपो के पास एक पार्किंग में खड़े इंडियन ऑयल टैंकर में अचानक आग लग गई। तेज हवाओं के कारण आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग से उठता घना धुआं दूर-दूर तक दिखाई देने लगा।
पार्किंग में मौजूद ठेकेदारों और कर्मचारियों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और पांच दमकल गाड़ियों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ, लेकिन टैंकर पूरी तरह जलकर राख हो गया।
टैंकर चालक राजू, जो गुरदासपुर का निवासी है, ने बताया कि उसने अपना टैंकर इंडियन ऑयल डिपो के पास स्थित पार्किंग में खड़ा किया हुआ था। इसी दौरान अचानक शॉर्ट सर्किट के कारण टैंकर में आग लग गई। तेज हवाओं की वजह से आग तेजी से फैल गई, जिससे आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई और मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
फायर ब्रिगेड अधिकारी लक्की ने बताया कि कंट्रोल रूम से सूचना मिलने के तुरंत बाद उनकी टीम घटनास्थल पर पहुंची। प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। उन्होंने कहा कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

