जालंधर में रिश्तों का कत्ल! सिक्योरिटी गार्ड की हत्या में बेटा, बहू और नाबालिग गिरफ्तार

CRIME Featured JALANDHAR ZEE PUNJAB TV

जालंधर में रिश्तों का कत्ल! सिक्योरिटी गार्ड की हत्या में बेटा, बहू और नाबालिग गिरफ्तार

जालंधर 1 सितंबर (सुखविंदर बग्गा,राहुल) :
जालंधर के हरगोबिंद नगर में सिक्योरिटी गार्ड दलजीत सिंह की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए उसके बेटे सुखपाल सिंह, बहू और एक नाबालिग को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि नाबालिग को महज 5 हजार रुपये का लालच देकर कथित तौर पर हत्या की वारदात में शामिल किया गया था।

 

पुलिस के मुताबिक, सुखपाल सिंह कुछ समय पहले ही दुबई से वापस आया था। उसने अपनी पसंद की युवती से लव मैरिज की थी, जिससे उसके पिता दलजीत सिंह कथित तौर पर खुश नहीं थे। शादी के बाद दलजीत सिंह ने बेटे को घर से अलग कर दिया था। इसके बाद सुखपाल अपनी पत्नी के साथ हरगोबिंद नगर में किराये के मकान में रहने लगा।

बताया जा रहा है कि दुबई से लौटने के बाद सुखपाल की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं थी। वह कई बार अपने पिता से पैसों की मांग कर चुका था। पिता द्वारा पैसे देने से इनकार करने के चलते दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। पुलिस जांच में इसी आर्थिक विवाद को हत्या की वजह से जोड़कर देखा जा रहा है।

पुलिस के अनुसार, सुखपाल और उसकी पत्नी ने दलजीत सिंह को अपने साथ चलने के लिए कहा था। आरोप है कि इस दौरान उन्होंने एक नाबालिग को भी वारदात में शामिल किया और उसे 5 हजार रुपये देने का लालच दिया। नाबालिग को कथित तौर पर दलजीत सिंह को डराने और मारने के लिए कहा गया था। पैसों के लालच में वह वारदात में शामिल होने के लिए तैयार हो गया।

थाना नंबर 8 के प्रभारी साहिल चौधरी के मुताबिक, 29 अगस्त की रात सुखपाल, उसकी पत्नी और नाबालिग दलजीत सिंह के घर पहुंचे। वहां पैसों को लेकर पिता-पुत्र के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि इसी दौरान तीनों ने मिलकर दलजीत सिंह पर हमला कर दिया। उसके सिर पर तेजधार हथियार से वार किए गए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर गया और उसकी मौत हो गई।

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पति-पत्नी और नाबालिग घर के पास स्थित एक गेस्ट हाउस में जाकर रुक गए। घटना की सूचना आधी रात के बाद पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू की और कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश कर तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है, जबकि नाबालिग को अदालत के आदेश पर बाल सुधार गृह भेज दिया गया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल तेजधार हथियार भी बरामद कर लिया है।

फिलहाल पुलिस हत्या के पीछे की पूरी साजिश, आरोपियों की भूमिका और वारदात से पहले उनके संपर्क में आए लोगों को लेकर जांच कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि हत्या की योजना कब और कैसे बनाई गई थी तथा इसमें किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका तो नहीं थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *