15 अगस्त को लेकर जालंधर में सुरक्षा कड़ी, सड़कों पर उतरी पुलिस
जालंधर 12 अगस्त (ब्यूरो) : स्वतंत्रता दिवस को लेकर जालंधर कमिश्नरेट पुलिस ने शहर में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी है। समारोह से पहले बुधवार को गुरु गोबिंद सिंह स्टेडियम में अंतिम रिहर्सल हुई। इसके बाद पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह के नेतृत्व में कंपनी बाग चौक से फ्लैग मार्च निकाला गया। इसमें डीसीपी मनप्रीत सिंह ढिल्लों समेत पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और करीब 150 जवान शामिल रहे।
पुलिस कमिश्नर ने बताया कि 15 अगस्त को ध्यान में रखते हुए शहर के संवेदनशील इलाकों में विशेष नाकाबंदी, गश्त और चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। बाहरी क्षेत्रों में भी पुलिस बल की तैनाती बढ़ाई गई है। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए करीब 250 अतिरिक्त पुलिस कर्मियों को बाहर से बुलाया गया है। रात के समय भी विभिन्न स्थानों पर पुलिस की विशेष चेकिंग जारी रहेगी।
स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर सामने आई ई-मेल धमकियों के मामलों की भी पुलिस गंभीरता से जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार, एक मामले में पंजाब पुलिस ने कोलकाता से कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया था। वहीं, हाल में मिली एक अन्य धमकी के संबंध में एफआईआर दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई जा रही है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।
होटल और रेस्टोरेंट संचालकों के साथ भी पुलिस ने बैठक की है। उन्हें बाहर से आने वाले लोगों के पहचान दस्तावेजों की उचित जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस ने संचालकों से कहा है कि यदि किसी व्यक्ति की गतिविधियां संदिग्ध लगती हैं तो तुरंत पुलिस को इसकी जानकारी दी जाए।
फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों का कहना है कि स्वतंत्रता दिवस समारोह को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। पुलिस ने लोगों से भी सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है।
