नांदेड़ के गुरुद्वारे में सुखबीर बादल पर हमला, हाथ में लगी चोट
जालंधर 13 अगस्त (ब्यूरो) : शिरोमणि अकाली दल के नेता और पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल पर महाराष्ट्र के नांदेड़ में हमला किए जाने की खबर सामने आई है। बताया जा रहा है कि गुरुद्वारा माता साहिब कौर के पास एक निहंग ने उन पर हमला किया। इस दौरान सुखबीर बादल के हाथ में चोट लगी, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए यशोमती अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस के अनुसार, घटना गुरुद्वारे के पास सुबह करीब 11 बजे हुई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, हमलावर ने कृपाण से सुखबीर बादल पर हमला करने की कोशिश की। इस दौरान उनके सुरक्षाकर्मी संतोष केंद्रे पर भी हमला किए जाने की बात सामने आई है।
घटना के बाद पुलिस ने एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। मामले की जांच जारी है।
सोशल मीडिया पर सामने आए एक वीडियो में सुखबीर बादल एक इमारत के अंदर जाते हुए नजर आ रहे हैं। वीडियो में उनके दाहिने हाथ पर कपड़ा बंधा दिखाई दे रहा है।
हमले से पहले सुखबीर सिंह बादल अपनी पत्नी और अकाली दल की सांसद हरसिमरत कौर बादल के साथ तख्त श्री हजूर साहिब पहुंचे थे। इसके बाद गुरुद्वारा माता साहिब कौर में यह घटना हुई।
पहले भी हो चुका है हमला
सुखबीर सिंह बादल पर इससे पहले दिसंबर 2024 में अमृतसर स्थित स्वर्ण मंदिर के बाहर भी जानलेवा हमला हुआ था। उस समय वह धार्मिक सजा के तहत सेवादार के रूप में सेवा निभा रहे थे। इसी दौरान नारायण सिंह चौड़ा नाम के व्यक्ति ने उन पर गोली चलाने की कोशिश की थी। हालांकि, सुखबीर बादल इस हमले में बाल-बाल बच गए थे और मौके पर ही आरोपी को पकड़ लिया गया था।
फिलहाल नांदेड़ पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हमले के पीछे की वजह का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
