जालंधर में आज बदले रहेंगे बसों और ट्रैफिक के रूट, सफर से पहले पढ़ें पूरी एडवाइजरी
जालंधर 17 जुलाई (ब्यूरो) : जालंधर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित दौरे को लेकर 17 जुलाई को शहर में ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह बदली रहेगी। प्रशासन ने शहर के अंदर चलने वाली बसों, बाहरी जिलों से आने-जाने वाली बसों और भारी वाहनों के लिए अलग-अलग डायवर्जन रूट जारी किए हैं। लोगों से अपील की गई है कि सफर पर निकलने से पहले निर्धारित रूट की जानकारी जरूर लें।

जालंधर से अमृतसर जाने वाली बसें अब करतारपुर की बजाय कपूरथला और सुभानपुर होकर जाएंगी। जालंधर से होशियारपुर जाने वाली बसें नकोदर चौक, कपूरथला चौक, वेरका मिल्क प्लांट, पठानकोट चौक, किशनगढ़ और आदमपुर के रास्ते चलेंगी। वहीं जालंधर से लुधियाना जाने वाली बसों को समरा चौक, 66 फुटी रोड, जमशेर, जीएनए चौक, हवेली और फगवाड़ा के रास्ते भेजा जाएगा। पठानकोट से जालंधर आने वाली बसें पठानकोट चौक, मकसूदां चौक, वर्कशॉप चौक, कपूरथला चौक और नकोदर चौक से होकर बस स्टैंड पहुंचेंगी।
भारी वाहनों के लिए भी विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया गया है। लुधियाना से अमृतसर जाने वाले कंटेनर, ट्रक और टिप्पर फगवाड़ा, सतनामपुरा, जंडियाला, नकोदर, कपूरथला और सुभानपुर होकर गुजरेंगे। लुधियाना से होशियारपुर और पठानकोट जाने वाले भारी वाहन चंडीगढ़ बाईपास, मेहतियाना, होशियारपुर और दसूहा के रास्ते भेजे जाएंगे। मोगा से पठानकोट जाने वाले वाहन नकोदर, कपूरथला, सुभानपुर, नडाला और टांडा के रास्ते अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे।
शहर के अंदर भी करीब 31 स्थानों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा। इनमें जीएनए चौक, महक रेस्टोरेंट, नंगल शामा, दिलवां चौक, रामामंडी फ्लाईओवर, बीएसएफ चौक, डिफेंस कॉलोनी, वर्कशॉप चौक, मकसूदां चौक, वेरका मिल्क प्लांट, समरा चौक, 66 फुटी रोड, लिवर्टी चौक, ताज टी-प्वाइंट, दुल्हन पैलेस गोल चक्कर, वडाला चौक सहित कई प्रमुख स्थान शामिल हैं। इन सभी प्वाइंटों पर ट्रैफिक पुलिस वाहनों को वैकल्पिक मार्गों की ओर डायवर्ट करेगी।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अनावश्यक यात्रा से बचें, ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों का पालन करें और यात्रा से पहले अपने रूट की जानकारी लेकर ही घर से निकलें, ताकि जाम और असुविधा से बचा जा सके।
