जालंधर : रामामंडी की और जाने से पहले पढ़ ले यह खबर,हर तरफ जाम ही जाम

Featured JALANDHAR ZEE PUNJAB TV

जालंधर : रामामंडी की और जाने से पहले पढ़ ले यह खबर,हर तरफ जाम ही जाम

जालंधर 16 जुलाई (ब्यूरो) : जालंधर में वीरवार सुबह लंबा पिंड चौक से लेकर पीएपी चौक तक हाईवे पर भारी ट्रैफिक जाम देखने को मिला। सुबह के व्यस्त समय में हजारों वाहन जाम में फंस गए, जिससे लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई जगहों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और ट्रैफिक की रफ्तार इतनी धीमी थी कि वाहन रेंग-रेंग कर आगे बढ़ते नजर आए। इतना ही नहीं इसके साथ ही बीएसएफ चौक और गुरु नानकपुरा रोड पर भी भारी जाम देखने को मिला।

 

जानकारी के अनुसार, इस जाम का मुख्य कारण पीएपी फ्लाईओवर से रामा मंडी की ओर जाने वाले हाईवे पर चल रहा सड़क निर्माण कार्य रहा। सुबह के समय सड़क की मरम्मत और निर्माण कार्य शुरू होने से एक लेन पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई, जिसके चलते कुछ ही देर में लंबा जाम लग गया।

यह वही समय था जब बड़ी संख्या में लोग अपने कार्यालयों के लिए निकलते हैं और स्कूल बसों के साथ अभिभावक बच्चों को स्कूल छोड़ने जाते हैं। ऐसे में अचानक लगे जाम के कारण कर्मचारियों, विद्यार्थियों और आम यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कई लोग निर्धारित समय पर अपने कार्यालय और स्कूल नहीं पहुंच सके।

वाहन चालकों ने भी सुबह के व्यस्त समय में सड़क निर्माण कार्य कराए जाने पर नाराजगी जताई। उनका कहना था कि यदि यह कार्य रात के समय या ट्रैफिक कम होने के दौरान किया जाता तो लोगों को इतनी परेशानी नहीं उठानी पड़ती। जाम के कारण एंबुलेंस और अन्य जरूरी सेवाओं के वाहनों को भी धीमी गति से गुजरना पड़ा।

हालांकि, मौके पर ट्रैफिक पुलिस कर्मी यातायात को सुचारु करने में जुटे रहे, लेकिन लगातार बढ़ते वाहनों के दबाव के कारण जाम लंबे समय तक बना रहा। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि भविष्य में सड़क निर्माण और मरम्मत का कार्य ट्रैफिक के पीक आवर्स के बजाय ऐसे समय में कराया जाए, जिससे आम जनता को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *