3 युवकों की बदमाशी! 30 रुपये के पेट्रोल के लिए पंप पर हंगामा
जालंधर 25 जून (ब्यूरो) : जालंधर के टीवी टॉवर के नजदीक स्थित एक पेट्रोल पंप पर उस समय हंगामा खड़ा हो गया जब बाइक पर सवार तीन युवकों ने पेट्रोल डलवाने के बाद भुगतान करने से इंकार कर दिया। पैसे मांगने पर युवकों ने पेट्रोल पंप के कर्मचारी के साथ मारपीट कर दी। पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, तीन युवक बाइक पर सवार होकर पेट्रोल पंप पहुंचे और 30 रुपये का पेट्रोल डलवाया। पेट्रोल भरवाने के बाद वे बिना पैसे दिए जाने लगे। जब पंप कर्मचारी ने उनसे भुगतान करने के लिए कहा तो युवकों ने पैसे बाद में देने की बात कही। कर्मचारी द्वारा विरोध किए जाने पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई।
सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि विवाद के दौरान एक युवक डंडा लेकर कर्मचारी पर हमला करने की कोशिश करता है। वहीं, अन्य युवक भी मारपीट में शामिल दिखाई दे रहे हैं। मौके पर मौजूद अन्य कर्मचारियों ने बीच-बचाव कर स्थिति को शांत करवाने का प्रयास किया।
घटना के संबंध में पंप कर्मचारी मनीष ने बताया कि वह खुरला किंगरा के पास स्थित गुरनाम गैस लाइन भारत पेट्रोलियम पेट्रोल पंप पर कार्यरत है। उनके अनुसार, तीन युवक पेट्रोल डलवाने आए थे और 30 रुपये का पेट्रोल भरवाने के बाद बिना भुगतान किए जाने लगे। जब उनसे पैसे मांगे गए तो उन्होंने अगले दिन पैसे देने की बात कही। विरोध करने पर युवकों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और बाद में डंडों से हमला कर दिया।
मारपीट और हंगामे के बाद आरोपी युवक बिना पैसे दिए मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पेट्रोल पंप पर मौजूद लोगों में भी दहशत का माहौल बन गया। पीड़ित कर्मचारी ने बताया कि वह पूरे मामले की जानकारी पंप मालिक को देगा और आरोपियों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई जाएगी। पुलिस शिकायत के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

