रफ्तार का कहर Pickup की टक्कर से स्कूटी सवार युवक की मौत
जालंधर 10 मई (ब्यूरो) : जालंधर के नूरमहल क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में पूर्व सरपंच पाल चंद के बेटे गुरप्रीत कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
मिली जानकारी के अनुसार गुरप्रीत कुमार अपनी स्कूटी पर कहीं जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही एक महिंद्रा मैक्स पिकअप ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। बताया जा रहा है कि वाहन चालक हरदेव सिंह, निवासी गांव धोतियां, तहसील तरनतारन, तेज रफ्तार और लापरवाही से गाड़ी चला रहा था।
टक्कर इतनी भीषण थी कि गुरप्रीत कुमार स्कूटी समेत सड़क से उछलकर खेतों में जा गिरे। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि स्कूटी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
यह पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि टक्कर कितनी जोरदार थी और किस तरह गुरप्रीत कुमार की जान चली गई।
मामले की जांच कर रहे नूरमहल थाने के एएसआई सुभाष चंदर ने बताया कि आरोपी चालक हरदेव सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 67, 186, 281 और 324(4) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।

