AAP के राज्यसभा सांसद अशोक मित्तल के घर ED की रेड,पढ़े
जालंधर 15 अप्रैल (ब्यूरो) : पंजाब की राजनीति में उस समय हलचल मच गई जब (ED) ने आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद अशोक मित्तल से जुड़े 9 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। बुधवार सुबह करीब 7:30 बजे दिल्ली से पहुंची ED टीमों ने जालंधर स्थित उनके निजी आवास, लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) परिसर और अन्य संबंधित स्थानों पर कार्रवाई शुरू की। एजेंसी की जांच अभी जारी है।
छापेमारी के दौरान अशोक मित्तल अपने घर पर ही मौजूद रहे। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनज़र उनके निवास के बाहर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। ED सूत्रों के अनुसार यह कार्रवाई कथित मनी लॉन्ड्रिंग मामले से जुड़ी है, जिसमें अशोक मित्तल और उनके बेटे से जुड़े वित्तीय लेन-देन की जांच की जा रही है।
यह कार्रवाई ऐसे समय पर हुई है जब हाल ही में आम आदमी पार्टी ने राघव चड्ढा की जगह अशोक मित्तल को राज्यसभा में उपनेता नियुक्त किया था। अशोक मित्तल पंजाब के प्रसिद्ध शिक्षाविद् हैं और लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी के संस्थापक एवं चांसलर भी हैं। वे वर्ष 2022 में राज्यसभा पहुंचे थे।
ED की रेड के बाद मुख्यमंत्री भगवंत मान ने केंद्र सरकार और भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि पंजाब चुनाव से पहले भाजपा एजेंसियों का इस्तेमाल कर रही है। उन्होंने कहा, “आम आदमी पार्टी को दबाने की कोशिश की जा रही है, लेकिन हम झुकने वाले नहीं हैं।”
वहीं पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भी इस कार्रवाई को राजनीतिक दबाव की रणनीति बताते हुए कहा कि पंजाब की जनता सब देख रही है और चुनाव में इसका जवाब देगी।
फिलहाल ED की कार्रवाई जारी है और राजनीतिक गलियारों में इस छापेमारी को लेकर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।

