1 अप्रैल से गाय और भैंस के दूध के दामों में वृद्धि,प्रति लीटर होगा महंगा,पढ़े
जालंधर 30 मार्च (ब्यूरो) : जमशेर खास, जालंधर में डेयरी प्रधान सरदार बलविंदर सिंह अंबरसरिया की अगुवाई में जमशेर डेयरी वेलफेयर सोसायटी के सदस्यों की एक अहम बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में मुख्य रूप से बढ़ती लागत के चलते दूध के दामों में बढ़ोतरी को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। बैठक में बड़ी संख्या में डेयरी संचालक और फार्मर मौजूद रहे, जिन्होंने अपने सामने आ रही आर्थिक चुनौतियों को साझा किया।
डेयरी मालिकों ने बताया कि पिछले कुछ समय से पशुओं के चारे जैसे खल, पत्ता, तूड़ी, दलिया और अन्य आवश्यक वस्तुओं के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। इसके अलावा बिजली, मजदूरी और रख-रखाव का खर्च भी पहले की तुलना में काफी बढ़ चुका है। इन सब कारणों से डेयरी कारोबार पर आर्थिक दबाव बढ़ता जा रहा है और पुराने रेट पर दूध बेचना घाटे का सौदा साबित हो रहा है।
बैठक के दौरान सर्वसम्मति से यह फैसला लिया गया कि 1 अप्रैल 2026 से दूध के दामों में बढ़ोतरी की जाएगी। नए निर्णय के तहत गाय के दूध में 5 रुपये प्रति किलो और भैंस के दूध में भी 5 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी लागू की जाएगी। इसके साथ ही दूध के फैट का रेट बढ़ाकर 10.50 रुपये तय किया गया है। डेयरी संचालकों का कहना है कि यह फैसला उनकी मजबूरी को देखते हुए लिया गया है, ताकि बढ़ती लागत के बीच कारोबार को जारी रखा जा सके।
डेयरी कॉम्प्लेक्स के कारोबारियों ने शहरवासियों से अपील करते हुए कहा कि वे इस फैसले को समझें और सहयोग करें। उन्होंने भरोसा जताया कि लोग उनकी स्थिति को समझेंगे और इस बढ़ोतरी को स्वीकार करेंगे, जिससे डेयरी व्यवसाय को नुकसान से बचाया जा सके।
बैठक में प्रधान बलविंदर सिंह अंबरसरिया, उपप्रधान हरजीत सिंह, जनरल सेक्रेटरी अन्नू, कमेटी सदस्य राजू कंठ, जैमल सिंह सहित अन्य पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे। सभी ने एकजुट होकर इस निर्णय का समर्थन किया और आगे भी मिलकर काम करने की बात कही।

