पहले मांगा मोबाइल फिर लेकर हुआ फरार, युवक को घसीटता ले गया आरोपी

CRIME JALANDHAR ZEE PUNJAB TV

लोगों ने आरोपी को दबोचा, लेकिन मौका पाकर हो गया फरार

जालंधर 29 मार्च (ब्यूरो) : जालंधर के बस्ती क्षेत्र स्थित शेर सिंह कॉलोनी में नाला पुल के पास दिनदहाड़े स्नेचिंग की एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। एक एक्टिवा सवार युवक ने मदद का बहाना बनाकर राहगीर से मोबाइल फोन छीन लिया और उसे सड़क पर घसीटते हुए फरार हो गया। पूरी वारदात इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई।

 

पीड़ित दलीप, जो मूल रूप से बिहार का रहने वाला है और स्थानीय स्तर पर मिस्त्री का काम करता है, ने बताया कि वह दोपहर के समय खाना खाने जा रहा था। इसी दौरान एक युवक स्कूटर पर उसके पास आया और कहा कि उसका फोन रिचार्ज खत्म हो गया है, इसलिए उसे एक जरूरी कॉल करनी है। दलीप ने जैसे ही अपना मोबाइल दिया, आरोपी ने तुरंत फोन छीन लिया और स्कूटर स्टार्ट कर भागने लगा।

फोन छीनने के बाद आरोपी ने दलीप को करीब 100 मीटर तक सड़क पर घसीटा, जिससे वह घायल हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। इस दौरान पीड़ित का मोबाइल भी वापस मिल गया, लेकिन भीड़ का ध्यान भटकते ही आरोपी वहां से फरार होने में कामयाब हो गया।

चश्मदीद राम चंद्र के अनुसार, शेर सिंह कॉलोनी में इस तरह की घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं और इलाके के लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।

घटना में घायल दलीप को नजदीकी क्लीनिक में उपचार के लिए ले जाया गया। डॉक्टर हर्ष ने बताया कि दलीप ने शुरुआत में खुद को सड़क हादसे का शिकार बताया। आशंका जताई जा रही है कि पुलिस या कानूनी प्रक्रिया से बचने के लिए उसने डॉक्टर से सच्चाई छिपाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *