जालंधर में सुरक्षा कड़ी, स्कूलों और ट्रेन को उड़ाने की धमकी के बाद प्रशासन सतर्क
न्यूज नेटवर्क 16 मार्च (ब्यूरो) : जालंधर में उस समय हड़कंप मच गया जब शहर के कई प्रमुख स्कूलों को बम धमाके की धमकी से जुड़ा एक ई-मेल मिलने की जानकारी सामने आई। इस सूचना के बाद पुलिस और प्रशासन तुरंत सतर्क हो गया और शहर के संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई।

मिली जानकारी के अनुसार कुछ बड़े शिक्षण संस्थानों को भेजे गए इस ई-मेल में उन्हें बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। जिन स्कूलों का नाम सामने आ रहा है उनमें एपीजे स्कूल, डीपीएस, सीटी पब्लिक स्कूल और एसएस डीपीएस समेत अन्य संस्थान शामिल बताए जा रहे हैं। जैसे ही स्कूल प्रबंधन को इस ई-मेल के बारे में पता चला, उन्होंने तुरंत पुलिस और प्रशासन को सूचित किया।
ई-मेल में अलग-अलग समय का जिक्र करते हुए धमकी दी गई है। इसमें लिखा गया है कि 1:11 बजे स्कूलों को निशाना बनाया जाएगा, 2:11 बजे पंजाब विधानसभा को उड़ाने की बात कही गई है, जबकि 9:11 बजे दिल्ली जाने वाली ट्रेन को भी निशाना बनाने का उल्लेख किया गया है। इसके साथ ही पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को भी ई-मेल में धमकी दी गई है।
सूत्रों के मुताबिक यह ई-मेल कथित तौर पर खालिस्तान समर्थक संगठन के नाम से भेजा गया बताया जा रहा है, जिसमें भड़काऊ और धमकी भरे शब्दों का इस्तेमाल किया गया है। इस घटना के सामने आने के बाद पुलिस और खुफिया एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं।
फिलहाल पुलिस की साइबर टीम ई-मेल भेजने वाले व्यक्ति या समूह की पहचान करने में जुटी हुई है। वहीं शहर के स्कूलों, रेलवे स्टेशनों और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है ताकि किसी भी संभावित खतरे से निपटा जा सके।

