कर्ज के दर्द ने बुझा दिया जीवन का दीया

CRIME JALANDHAR ZEE PUNJAB TV

सुबह-सुबह घर में उठीं आग की लपटें, परिजनों के सामने खत्म कर ली बुजुर्ग ने जिंदगी

जालंधर 13 मार्च (सुखविंदर बग्गा) : जालंधर के चुग्गीती इलाके में स्थित अवतार नगर मोहल्ले में उस समय हड़कंप मच गया जब कर्ज से परेशान एक 65 वर्षीय व्यक्ति ने खुद को आग के हवाले कर आत्महत्या कर ली।

 

मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान 65 वर्षीय सोहनलाल के रूप में हुई है, जो नगर निगम से रिटायर कर्मचारी थे। बताया जा रहा है कि आज सुबह करीब 4:30 बजे उन्होंने अपने घर की पहली मंजिल पर आग लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।

मृतक के बेटे बबरिक ने बताया कि सुबह करीब 4 से 4:30 बजे के बीच उसकी पत्नी को ऊपर आग लगने का पता चला। जब वे लोग ऊपर पहुंचे तो देखा कि सोहनलाल आग की लपटों में घिरे हुए थे। इसके बाद तुरंत दमकल विभाग और पुलिस को सूचना दी गई। जब तक आग पर काबू पाया गया, तब तक सोहनलाल की मौत हो चुकी थी।

परिवार की सदस्य बबीता ने बताया कि सोहनलाल नगर निगम से रिटायर थे और उन्होंने कुछ लोगों से पैसे उधार लिए हुए थे। वह लोग आए दिन घर पर आकर पैसे को लेकर उन्हें परेशान करते थे, जिस कारण वह काफी समय से मानसिक तनाव में थे। परिवार का कहना है कि इसी तनाव के चलते उन्होंने यह कदम उठाया।

वहीं मौके पर पहुंचे जांच अधिकारी ने बताया कि कंट्रोल रूम में सुबह करीब 4:30 बजे सूचना मिली थी कि चुग्गीती इलाके के अवतार नगर में एक व्यक्ति ने खुद को आग लगाकर आत्महत्या कर ली है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। मौके पर शव पूरी तरह से जला हुआ मिला, जिसे कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जो भी बनती कार्रवाई होगी वह की जाएगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *