जालंधर : देर रात बड़ा हादसा टला, मोबाइल शॉप में घुसी तेज गाड़ी

CRIME Featured JALANDHAR ZEE PUNJAB TV

टक्कर से लाखों का नुकसान, पुलिस ने वाहन कब्जे में लिया

जालंधर 3 मार्च (सुखविंदर बग्गा) :

शहर में तेज रफ्तार बोलेरो का कहर देखने को मिला, जब देर रात एक अनियंत्रित गाड़ी सीधा दुकान के अंदर जा घुसी। घटना नूरपुर कॉलोनी के पास सुंदर नगर इलाके की है, जहां सोमवार रात अचानक हुए इस हादसे से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि बड़ा हादसा टल गया और किसी की जान नहीं गई।

 

जानकारी के मुताबिक सुंदर नगर में स्थित शिवम मोबाइल वर्ल्ड की दुकान में उस समय एक महिला अपने दो बच्चों के साथ मौजूद थी। तभी तेज रफ्तार बोलेरो गाड़ी नियंत्रण खो बैठी और सीधे दुकान का शटर तोड़ते हुए अंदर घुस गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दुकान के भीतर रखा मोबाइल और अन्य सामान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। महिला को टांग में हल्की चोट आई, जबकि दोनों बच्चे बाल-बाल बच गए।

हादसे के तुरंत बाद मौके पर भीड़ इकट्ठा हो गई। इस दौरान चालक मौके का फायदा उठाकर वहां से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत कंट्रोल रूम पर सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना आठ की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

पुलिस जांच में सामने आया कि बोलेरो गाड़ी चला रहा युवक नाबालिग बताया जा रहा है। वहीं हरगोविंद नगर निवासी जसवीर सिंह ने पुलिस को बताया कि वह पिछले कुछ दिनों से बीमार चल रहा था और दवाई लेने के लिए गाड़ी रोककर नीचे उतरा था। उसके अनुसार पीछे से एक अन्य वाहन आ गया, जिस कारण कंडक्टर सीट पर बैठा उसका साथी ड्राइवर सीट पर आ गया और इसी दौरान गाड़ी अनियंत्रित होकर दुकान में जा घुसी।

थाना आठ के जांच अधिकारी एएसआई निर्मल सिंह ने बताया कि पीसीआर टीम से सूचना मिलने के बाद पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। गाड़ी को कब्जे में ले लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पीड़ित परिवार के बयानों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *