ईरान-अमेरिका तनाव का असर, जालंधर में गैस को लेकर अफवाहों से हड़कंप

Featured JALANDHAR ZEE PUNJAB TV

बुकिंग ठप होने से एजेंसी पहुंच रहे लोग सिलेंडर खत्म होने की खबरों से एजेंसियों के बाहर लगी लंबी कतारें

जालंधर 12 मार्च (ब्यूरो) : जालंधर में ईरान-अमेरिका के बीच बढ़े तनाव का असर अब एलपीजी गैस की सप्लाई पर भी दिखाई देने लगा है। शहर में गैस सिलेंडरों को लेकर लोगों के बीच चिंता बढ़ गई है। कमर्शियल गैस की सप्लाई प्रभावित होने से व्यापारियों को परेशानी हो रही है, वहीं घरेलू गैस उपभोक्ता भी बुकिंग को लेकर दिक्कतों का सामना कर रहे हैं। इस स्थिति के चलते गैस की कमी को लेकर कई तरह की अफवाहें भी फैल रही हैं।

 

हालांकि डिप्टी कमिश्नर हिमांशु अग्रवाल ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि जिले में एलपीजी सिलेंडरों के साथ-साथ पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे घबराकर ज्यादा खरीदारी न करें, क्योंकि सप्लाई चेन सामान्य तरीके से काम कर रही है और किसी तरह की घबराने वाली स्थिति नहीं है।

इसके बावजूद शहर की एक गैस एजेंसी पर सिलेंडर को लेकर लोगों की भीड़ देखने को मिली। कई उपभोक्ताओं का कहना है कि उनकी एलपीजी गैस की बुकिंग नहीं हो पा रही है, जिस कारण उन्हें मजबूर होकर एजेंसी के दफ्तर पहुंचना पड़ रहा है। वहीं एजेंसी संचालक का कहना है कि घरेलू गैस की सप्लाई में कोई बड़ी समस्या नहीं है, लेकिन तकनीकी कारणों से लोगों को परेशानी आ रही है।

एजेंसी मालिक डी.एस. कोहली के मुताबिक फिलहाल केवल कमर्शियल गैस की सप्लाई प्रभावित हुई है, जबकि घरेलू गैस सिलेंडर की डिलीवरी दो से तीन दिनों के भीतर की जा रही है। उन्होंने बताया कि लोगों की सुविधा के लिए मैनुअल बुकिंग की व्यवस्था भी शुरू कर दी गई है।

दूसरी ओर उपभोक्ताओं का कहना है कि एजेंसी में जाने पर उन्हें ऑनलाइन या मोबाइल ऐप के जरिए बुकिंग करने के लिए कहा जाता है। कई लोगों का आरोप है कि ऐप और ऑनलाइन सिस्टम ठीक से काम नहीं कर रहा, जिससे उन्हें बार-बार एजेंसी के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।

ग्राहक दविंदर सिंह ने बताया कि वह घरेलू गैस बुकिंग के लिए काफी समय से परेशान हैं। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन बुकिंग नहीं हो रही और आज 26 दिन हो चुके हैं, लेकिन अभी तक सिलेंडर बुक नहीं हो पाया। उन्होंने यह भी बताया कि वह सुबह से कई बार एजेंसी के चक्कर लगा चुके हैं, लेकिन उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ।

इसी तरह अमनदीप कौर ने भी बताया कि वह घरेलू सिलेंडर बुक करवाने के लिए एजेंसी आई थीं, लेकिन ऑनलाइन बुकिंग में लगातार दिक्कत आ रही है। एजेंसी कर्मियों ने उन्हें मोबाइल ऐप से बुकिंग करने की सलाह दी, लेकिन ऐप पर भी सर्वर डाउन का मैसेज आ रहा है।

एक अन्य उपभोक्ता ने बताया कि वह पिछले चार दिनों से लगातार ऑनलाइन बुकिंग करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन बुकिंग नहीं हो पा रही। उन्हें इंडियन ऑयल वन ऐप के जरिए बुकिंग करने के लिए कहा गया, मगर वहां भी तकनीकी समस्या आ रही है। इसी वजह से लोग सीधे गैस एजेंसी पहुंचकर बुकिंग करवाने को मजबूर हो रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *