अपराधी बेख़ौफ़ होकर हत्याए कत्लेआम कर रहे : अशोक सरीन हिक्की
जालंधर 6 फ़रवरी (ब्यूरो) : आज सुबह कैंट विधानसभा क्षेत्र के जालंधर मॉडल टाउन इलाके में आम आदमी पार्टी के एक युवा नेता की गोली मारकर हत्या किए जाने की घटना को लेकर पंजाब सरकार पर तीखा हमला बोला गया है। इस मामले में जालंधर भाजपा के महामंत्री व कैंट विधानसभा प्रभारी अशोक सरीन हिक्की ने राज्य की भगवंत मान सरकार की कड़ी आलोचना की।
अशोक सरीन ने कहा कि मौजूदा पंजाब सरकार हर मोर्चे पर पूरी तरह नाकाम साबित हो चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की सरपरस्ती में जहां प्रदेश का विकास और तरक्की ठप पड़ी है, वहीं दूसरी ओर गोलीबारी, हत्याएं, जबरन वसूली, फिरौती और गैंगवार जैसी घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है और आम लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि दिल्ली में बैठकर रिमोट कंट्रोल से पंजाब सरकार चलाने वाले अरविंद केजरीवाल ने मुख्यमंत्री भगवंत मान और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मिलकर पंजाब के लोगों की सुरक्षा को खतरे में डाल दिया है। इसी का नतीजा है कि आज व्यापारी, दुकानदार, युवा, महिलाएं और हर वर्ग के लोग आपराधिक मानसिकता वाले आदतन अपराधियों के निशाने पर हैं और अपराधी बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।
अशोक सरीन ने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान गहरी नींद में सोए हुए हैं और बड़े-बड़े सरकारी दफ्तरों व कोठियों में बैठकर सरकारी सुविधाओं का आनंद ले रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार झूठी बयानबाजी, विज्ञापनबाजी और तथाकथित विकास के बोर्ड लगाकर जनता को गुमराह कर रही है, जबकि हकीकत में करोड़ों रुपये का भ्रष्टाचार कर राज्य को पीछे धकेला जा रहा है।

