शॉर्ट सर्किट से लगी आग ने मचाई तबाही,पुलिस की बहादुरी से टला बड़ा हादसा
जालंधर 27 अप्रैल (ब्यूरो) : जालंधर के जंडियाला मंजकी में सोमवार सुबह एक कपड़ा व्यापारी की बंद दुकान में अचानक भीषण आग लग गई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि दुकान के अंदर रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने का कारण माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि दुकान मालिक रविवार को संभवतः बिजली बंद करना भूल गया था, जिसके चलते सुबह अचानक आग भड़क उठी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एएसआई गुलजार सिंह ने बहादुरी दिखाते हुए बिना देर किए दुकान का शटर तुड़वाने की कोशिश शुरू कर दी। हालात की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने खुद मोर्चा संभाला और ट्रैक्टर से कुल्हाड़ी निकालकर शटर तोड़ने में जुट गए, ताकि दमकल विभाग की टीम समय रहते अंदर पहुंच सके। पुलिस और फायर ब्रिगेड की संयुक्त कार्रवाई से आग पर काबू पाया गया और किसी तरह के जानी नुकसान से बचाव हो गया।
दुकानदार हरविंदर सिंह के अनुसार इस हादसे में करीब 50 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। हालांकि स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर पुलिस समय पर मौके पर न पहुंचती और तुरंत कार्रवाई न करती तो नुकसान और भी भयावह हो सकता था।
घटना के दौरान जहां कई लोग वीडियो बनाने में व्यस्त नजर आए, वहीं पुलिस ने लोगों से अपील की कि ऐसे हादसों के समय तमाशबीन बनने के बजाय मदद के लिए आगे आएं। एएसआई गुलजार सिंह ने बताया कि जब उन्होंने आसपास मौजूद लोगों से सहयोग मांगा तो बाद में ग्रामीणों ने भी पूरा साथ दिया।
गांववासियों ने एएसआई की साहसिक भूमिका की जमकर सराहना की। लोगों का कहना है कि जिस तरह उन्होंने अपनी जान की परवाह किए बिना शटर तुड़वाकर आग बुझाने में मदद की, वह मिसाल है और ऐसे जांबाज पुलिसकर्मी समाज के लिए गर्व की बात हैं।

