अचानक ब्रेक लगने से हुआ हादसा, दोनों वाहन क्षतिग्रस्त, भारी जाम
जालंधर 6 मार्च (ब्यूरो) : जालंधर–पठानकोट हाईवे पर एक सड़क हादसे में दो भारी वाहन आपस में टकरा गए, हालांकि गनीमत रही कि इस घटना में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। हादसा पंजाबी बाग के पास उस समय हुआ जब आगे चल रहे सीमेंट मिक्सर ने अचानक ब्रेक लगा दी, जिससे पीछे आ रहा गैस सिलेंडरों से भरा ट्रक उससे जा टकराया।
टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहन क्षतिग्रस्त होकर सड़क के बीच ही रुक गए, जिसके कारण हाईवे पर कुछ समय के लिए जाम की स्थिति बन गई। मौके से गुजर रहे लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
ट्रक चालक रणजीत सिंह ने बताया कि वह जालंधर से गैस सिलेंडर लेकर पठानकोट की ओर जा रहा था। जैसे ही वह पंजाबी बाग के पास पहुंचा तो आगे चल रहे सीमेंट मिक्सर ने अचानक ब्रेक लगा दी। उसने ट्रक को रोकने की पूरी कोशिश की, लेकिन भारी वाहन होने के कारण ट्रक नियंत्रण से बाहर हो गया और मिक्सर से टकरा गया।
राहगीरों द्वारा सूचना मिलने पर सड़क सुरक्षा फोर्स की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और हालात को संभाला। टीम ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से किनारे करवाया, जिसके बाद ट्रैफिक को दोबारा सुचारू किया गया। इस दौरान संबंधित थाना मकसूदां की पुलिस को भी सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई।

