सुबह घर पर था, शाम को सड़क किनारे मिली लाश, जालंधर में व्यक्ति की मौत से सनसनी

CRIME Featured JALANDHAR ZEE PUNJAB TV

सुबह घर पर था, शाम को सड़क किनारे मिली लाश, जालंधर में व्यक्ति की मौत से सनसनी

जालंधर 1 सितम्बर (सुखविंदर बग्गा,राहुल) : जालंधर के संतोषी नगर रोड पर उस समय सनसनी फैल गई, जब सड़क किनारे एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ मिला। शव को देखते ही स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दी। सूचना मिलते ही पीसीआर टीम मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से शव के बारे में पूछताछ शुरू की। इसके बाद संबंधित थाना रामा मंडी पुलिस को भी सूचना दी गई।

 

सूचना मिलने के बाद थाना रामा मंडी के सब-इंस्पेक्टर प्रेम कुमार और एएसआई सुरजीत सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की, जिसके दौरान एक व्यक्ति ने शव की पहचान कर ली। मृतक की पहचान रामशरण उर्फ सोनू निवासी न्यू कमल विहार के रूप में हुई।

पुलिस ने मृतक के परिवार को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही उसके पिता, पत्नी और अन्य पारिवारिक सदस्य मौके पर पहुंचे। शव को देखते ही परिवार का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

मृतक के पिता राम खिलावन और पत्नी ने बताया कि रामशरण शराब पीने का आदी था। पत्नी के अनुसार, वह महीने में करीब 15 से 20 दिन ही काम करता था और बाकी दिनों में शराब का सेवन करता रहता था। रामशरण शटरिंग का काम करता था।

पत्नी ने बताया कि आज सुबह वह काम पर चली गई थी, जबकि रामशरण उस समय घर पर ही था। इसके बाद वह कब घर से बाहर चला गया, इसकी जानकारी उन्हें नहीं थी। काम के दौरान उन्हें फोन के जरिए रामशरण के सड़क किनारे शव पड़े होने की सूचना मिली, जिसके बाद वह तुरंत मौके पर पहुंचीं।

परिजनों के मुताबिक रामशरण उर्फ सोनू के तीन बच्चे हैं। अचानक हुई इस घटना से परिवार में मातम का माहौल है।

मौके पर पहुंचे थाना रामा मंडी के सब-इंस्पेक्टर प्रेम कुमार ने बताया कि पुलिस कंट्रोल रूम से सूचना मिली थी कि संतोषी नगर में सड़क किनारे एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है। सूचना के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव की पहचान कर परिजनों को घटना की जानकारी दी गई।

फिलहाल पुलिस ने शव को सिविल अस्पताल भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि परिजनों के बयान दर्ज किए जाएंगे और उनके बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *