जालंधर में स्कॉर्पियो सवार युवकों की दबंगई! मां-बेटी समेत कई लोगों को मारी टक्कर, CCTV में कैद

CRIME Featured JALANDHAR ZEE PUNJAB TV

जालंधर में स्कॉर्पियो सवार युवकों की दबंगई! मां-बेटी समेत कई लोगों को मारी टक्कर, CCTV में कैद

जालंधर 26 अगस्त (सुखविंदर बग्गा, राहुल) : जालंधर के अजीत नगर के साथ लगती मुस्लिम कॉलोनी में बुधवार रात उस समय हड़कंप मच गया, जब बाजार से सामान लेने निकली मां-बेटी समेत कुछ लोगों को तेज रफ्तार सफेद रंग की स्कॉर्पियो ने टक्कर मार दी। हादसे में मां-बेटी घायल हो गईं, जिन्हें इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। घटना की सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है, जिसमें स्कॉर्पियो लोगों को टक्कर मारने के बाद मौके से फरार होती दिखाई दे रही है।

 

सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि भीड़भाड़ वाले इलाके में सफेद रंग की स्कॉर्पियो लोगों को टक्कर मारती हुई आगे निकल जाती है। इसी दौरान एक पगड़ीधारी युवक स्कॉर्पियो का पीछा करता हुआ नजर आता है। कुछ दूरी पर एक अन्य गाड़ी रुकती है, जिसमें वह युवक बैठ जाता है और स्कॉर्पियो के पीछे निकल जाता है। बताया जा रहा है कि कुछ दूरी पर स्कॉर्पियो सवार युवक गाड़ी छोड़कर मौके से फरार हो गए।

 

मौके पर खड़ी स्कॉर्पियो का पिछला शीशा भी टूटा हुआ दिखाई दे रहा है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पीसीआर टीम और थाना डिवीजन नंबर 8 की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

घायल महिला और बच्ची के दादा ने बताया कि दोनों घर से सामान लेने के लिए निकली थीं। कुछ देर बाद परिवार को सूचना मिली कि दोनों हादसे में घायल हो गई हैं और उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। जब वह मौके पर पहुंचे तो वहां सफेद रंग की स्कॉर्पियो खड़ी थी। उन्हें बताया गया कि गाड़ी में करीब चार युवक सवार थे, जो हादसे के बाद वाहन छोड़कर फरार हो गए।

वहीं, मौके पर पहुंचे थाना रामामंडी के एएसआई ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि मुस्लिम कॉलोनी में कपूरथला नंबर की एक गाड़ी ने मां-बेटी को टक्कर मार दी है। पुलिस मौके पर पहुंची तो स्कॉर्पियो का शीशा टूटा हुआ था, जबकि उसमें सवार बताए जा रहे युवक फरार हो चुके थे।

पुलिस ने स्कॉर्पियो को कब्जे में लेकर थाना रामामंडी ले जाने की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस वाहन के नंबर के आधार पर मालिक और उसमें सवार युवकों की पहचान करने में जुटी है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद जो भी आरोपी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *