शहर में सनसनी फैलाने वाली 72 लाख की लूट ट्रेस, जालंधर पुलिस ने आरोपियों को पकड़ा, व्यापारी को लौटाई रकम
जालंधर 22 अगस्त (ब्यूरो) : जालंधर में 17 अगस्त सोमवार रात लोहा कारोबारी और सीजीएस स्कूल के मालिक ललित मित्तल से हुई 72 लाख रुपये की लूट के मामले में जालंधर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने वारदात के 24 घंटे के भीतर ही पूरे मामले को ट्रेस करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से लूट की पूरी 72 लाख रुपये की नकदी भी बरामद कर ली गई है।
जानकारी के अनुसार, ललित मित्तल सोमवार रात काजी मंडी से सूर्य एन्क्लेव की ओर 120 फीट रोड से जा रहे थे। इसी दौरान कुछ हथियारबंद बदमाश दूसरी गाड़ी में सवार होकर उनका पीछा कर रहे थे। जब उनकी गाड़ी सुनसान इलाके में पहुंची तो आरोपियों ने उनकी गाड़ी को रोककर हमला किया और उसमें रखे 72 लाख रुपये की नकदी लेकर मौके से फरार हो गए।
पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह IPS के दिशा-निर्देशों पर कार्रवाई करते हुए डीसीपी सिटी मनप्रीत सिंह ढिल्लों और डीसीपी इन्वेस्टिगेशन के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। एडीसीपी इन्वेस्टिगेशन देव सिंह IPS और एडीसीपी-1 मुख़्तियार राय IPS की निगरानी में एसीपी सेंट्रल राजेश ठाकुर IPS तथा इंस्पेक्टर सुरिंदर कुमार, एसआई मनजिंदर सिंह, इंस्पेक्टर सरबजीत सिंह और थाना रामा मंडी के मुख्य अधिकारी इंस्पेक्टर जसपाल सिंह की टीम ने संयुक्त ऑपरेशन चलाकर आरोपियों को काबू किया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विकास पुत्र मंगल राम, निवासी गांव पाड़ा, थाना तिब्बड़, गुरदासपुर; रणजीत सिंह पुत्र अमरजीत सिंह, निवासी नवीं बारादरी, श्री हरगोबिंदपुर, गुरदासपुर; सन्नी कौशला उर्फ मोना पुत्र गोपाल कौशला, निवासी गुरु अमरदास नगर, वेरका मिल्क प्लांट, जालंधर; हरदीप सिंह उर्फ दीपु पुत्र जसविंदरपाल, निवासी गांव वडाला कलां, कपूरथला; राजवीर गिल उर्फ गिल साहिब पुत्र प्यारा लाल, निवासी गांव नंदपुर, थाना मकसूदां, जालंधर और साहिल पुत्र मंगल राम, निवासी गांव पाड़ा, थाना तिब्बड़, गुरदासपुर के रूप में हुई है।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक विकास के खिलाफ पहले से 6 मामले दर्ज हैं, जिनमें चोरी, एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट सहित कई धाराएं शामिल हैं। हरदीप सिंह के खिलाफ 1 मामला, साहिल के खिलाफ 1 मामला और राजवीर गिल के खिलाफ 1 मामला पहले से दर्ज है। वहीं रणजीत सिंह और सन्नी कौशला उर्फ मोना के खिलाफ पुराने मामलों की जानकारी प्रेस नोट में दर्ज नहीं है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट की पूरी 72 लाख रुपये की नकदी बरामद करने के साथ 2 बिना नंबर की कारें—होंडा अमेज और टोयोटा एटियोस—2 मोबाइल फोन, एक बेसबॉल बैट और एक डंडा बरामद किया है। पुलिस के अनुसार इसी सामान के आधार पर वारदात की जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है।
शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पुलिस कमिश्नर सतेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी पिछले करीब डेढ़ महीने से लूट की योजना बना रहे थे। वे ऐसी जगह की तलाश में थे, जहां वारदात को आसानी से अंजाम दिया जा सके। आरोपियों ने 120 फीट रोड के उस हिस्से को चुना, जो रात के समय सुनसान रहता है। पुलिस के मुताबिक, वहां सीसीटीवी कैमरों की कमी और स्ट्रीट लाइट न होने का भी आरोपियों ने फायदा उठाने की योजना बनाई थी।
शनिवार को प्रेस वार्ता के दौरान पुलिस कमिश्नर सतेंद्र सिंह ने बरामद की गई पूरी नकदी ललित मित्तल को सौंप दी।
ललित मित्तल ने जालंधर पुलिस का धन्यवाद करते हुए कहा कि इतनी बड़ी रकम की इतनी कम समय में बरामदगी पुलिस की बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि पंजाब पुलिस और जालंधर पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए जिस तरह मामले को सुलझाया है, वह काबिले तारीफ है।
