रैगिंग के खिलाफ एकजुट हुए स्टूडेंट-टीचर्स, इन्नोसेंट हार्ट्स कॉलेज में जागरूकता अभियान
जालंधर 12 अगस्त (ब्यूरो) :
इनोसेंट हार्ट्स कॉलेज ऑफ़ एजुकेशन की एनएसएस इकाई की ओर से एंटी-रैगिंग सप्ताह का आयोजन किया गया। इस दौरान कॉलेज परिसर के अंदर और बाहर रैगिंग के हर रूप के खिलाफ जागरूकता फैलाने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं।

सप्ताह की शुरुआत शपथ ग्रहण समारोह से हुई। इसमें सभी स्टूडेंट-टीचर्स ने रैगिंग और किसी भी प्रकार के हिंसक व्यवहार से दूर रहने की शपथ ली। उन्होंने रैगिंग को न सहने और न ही इसका शिकार बनने का संकल्प लिया।

दूसरे और तीसरे दिन ‘शिक्षा सशक्त बनाती है, रैगिंग बर्बाद करती है’ विषय पर पोस्टर मेकिंग और स्लोगन राइटिंग प्रतियोगिताएं करवाई गईं। एनएसएस वॉलंटियर्स ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से रैगिंग के खिलाफ जागरूकता फैलाते हुए इसके बचाव के तरीकों और कानूनी सजा की जानकारी दी।

सप्ताह के दौरान छात्रों और फैकल्टी सदस्यों को रैगिंग के दुष्प्रभावों पर आधारित डॉक्यूमेंट्री फिल्में भी दिखाई गईं। इन फिल्मों का चयन यूजीसी की एंटी-रैगिंग वेबसाइट और यूजीसी की आधिकारिक वेबसाइट से किया गया था।

कॉलेज प्रिंसिपल डॉ. अर्जिंदर सिंह ने कहा कि कॉलेज में अब तक रैगिंग से जुड़ी कोई अप्रिय घटना सामने नहीं आई है, लेकिन युवाओं के बीच इंसानियत, सम्मान, सहयोग और शांति की भावना को मजबूत करना बेहद जरूरी है। उन्होंने सभी से इस सकारात्मक संदेश को आगे बढ़ाने की अपील की।
एनएसएस प्रोग्राम ऑफिसर तरुणज्योति कौर ने बताया कि कॉलेज में हर वर्ष नए छात्रों और उनके माता-पिता को यूजीसी की गाइडलाइंस के अनुसार ऑनलाइन एंटी-रैगिंग अंडरटेकिंग फॉर्म भरने के लिए मार्गदर्शन दिया जाता है।
कार्यक्रम के अंत में विभिन्न गतिविधियों में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
