रूस जाने का सपना पड़ा भारी, जालंधर के युवक ने सुनाई दर्दभरी दास्तान
न्यूज नेटवर्क 5 अगस्त (ब्यूरो) : विदेश में नौकरी का सपना दिखाकर युवाओं से ठगी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। अब जालंधर के रामनगर निवासी एक और युवक के रूस में फंसने का मामला सामने आया है। युवक ने सोशल मीडिया पर कई वीडियो जारी कर दावा किया है कि उसे नौकरी के नाम पर रूस भेजा गया, लेकिन वहां पहुंचने के बाद उसे जंगल के बीच बने एक जर्जर ठिकाने पर छोड़ दिया गया। उसने अन्य युवाओं से अपील की है कि किसी भी ट्रैवल एजेंट के बहकावे में आकर रूस न जाएं।
आकाशदीप नाम के युवक ने बताया कि वह 15 जून 2026 को दिल्ली से मॉस्को पहुंचा था। उसका आरोप है कि जालंधर के एक ट्रैवल एजेंट ने उसे रूस में फल तोड़ने की नौकरी, अच्छी तनख्वाह, रहने के लिए एसी कमरा और बेहतर भोजन का भरोसा दिलाया था। लेकिन रूस पहुंचते ही सारी बातें झूठी साबित हुईं।
युवक के अनुसार, मॉस्को एयरपोर्ट से एजेंट का एक व्यक्ति उसे और अन्य युवकों को लेकर जंगल के बीच बने एक ठिकाने पर छोड़ गया। वहां रहने की स्थिति बेहद खराब है। एक छोटे से कमरे में करीब 10 युवकों को रहना पड़ रहा है। उसके साथ हरियाणा और राजस्थान के भी कई युवक मौजूद हैं, जबकि वह अकेला पंजाबी है।
आकाशदीप ने अपने वीडियो में बताया कि जिस स्थान पर उन्हें रखा गया है, वहां बुनियादी सुविधाएं तक उपलब्ध नहीं हैं। कमरे में गंदे बिस्तर हैं और शौचालय की हालत भी बेहद खराब है। उसने कहा कि उन्हें यह भी नहीं बताया जा रहा कि आगे कहां ले जाया जाएगा और उनके साथ क्या होने वाला है।
उसने आरोप लगाया कि जब एजेंट के व्यक्ति से वहां से बाहर ले जाने की बात कही गई तो उसने साफ कह दिया कि उसे अभी तक पैसे नहीं मिले हैं। जब तक भुगतान नहीं होगा, तब तक किसी को आगे नहीं ले जाया जाएगा। चारों तरफ घना जंगल होने के कारण वहां से बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया है।
युवक का यह भी आरोप है कि उसे वर्क वीजा दिलाने का वादा किया गया था, लेकिन रूस पहुंचने पर पता चला कि उसे टूरिस्ट वीजा पर भेजा गया है। जब इस बारे में एजेंट से सवाल किया गया तो पहले कहा गया कि वीजा बाद में बढ़ जाएगा, लेकिन बाद में एजेंट ने अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ते हुए कह दिया कि उसकी जिम्मेदारी केवल रूस पहुंचाने तक थी।
आकाशदीप ने भावुक होते हुए बताया कि उसकी मां इस समय जालंधर के एक अस्पताल में भर्ती हैं और वह खुद विदेश में फंसा हुआ है। उसने कहा कि एजेंट लोगों को झूठे सपने दिखाकर विदेश भेज रहे हैं और कई युवकों को कथित तौर पर रूसी सेना में भर्ती होने के लिए मजबूर किया जा रहा है। उसके अनुसार हरियाणा और राजस्थान के कई युवक पहले ही युद्ध क्षेत्र में भेजे जा चुके हैं।
अंत में युवक ने पंजाब सहित पूरे देश के युवाओं से अपील करते हुए कहा कि विदेश में नौकरी के नाम पर किसी भी एजेंट पर आंख बंद करके भरोसा न करें। किसी भी ऑफर को स्वीकार करने से पहले उसकी पूरी जांच-पड़ताल करें, ताकि कोई और युवा ऐसी ठगी का शिकार न बने।
