पुलिस की बड़ी कार्रवाई, Me & U और Padrino Restaurant पर रेड
जालंधर 7 जुलाई (ब्यूरो) : जालंधर के अर्बन स्टेट इलाके में पुलिस ने “युद्ध नशा विरुद्ध” अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए Me & U Restaurant और Padrino Restaurant में संचालित किए जा रहे कथित अवैध हुक्का बारों पर एक साथ छापेमारी की। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस टीमों के पहुंचते ही दोनों रेस्टोरेंट में मौजूद कर्मचारियों और ग्राहकों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जिसके बाद पुलिस ने दोनों परिसरों की गहन तलाशी ली।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने दोनों रेस्टोरेंट से कई हुक्के, फ्लेवर तंबाकू और हुक्का चलाने में इस्तेमाल होने वाला अन्य सामान बरामद किया। पुलिस ने पूरे सामान को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है कि इनका इस्तेमाल कब से किया जा रहा था और इनके संचालन के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दोनों स्थानों से कुल 6 लोगों को हिरासत में लिया है। सभी से पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि अवैध हुक्का बार का संचालन कब से किया जा रहा था और इसमें किन-किन लोगों की भूमिका रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, उन्हें पिछले कुछ समय से अर्बन स्टेट इलाके में रेस्टोरेंट की आड़ में अवैध हुक्का बार चलाए जाने की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इसी सूचना के आधार पर विशेष टीमों का गठन कर दोनों रेस्टोरेंट पर एक साथ छापेमारी की गई। जांच के दौरान यदि भवन मालिकों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ भी नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
एडीसीपी राकेश यादव ने बताया कि “युद्ध नशा विरुद्ध” अभियान के तहत एसीपी वेस्ट और एसीपी मॉडल टाउन को गुप्त सूचना मिली थी कि अर्बन स्टेट क्षेत्र में कुछ रेस्टोरेंट्स की आड़ में अवैध हुक्का बार संचालित किए जा रहे हैं। सूचना के आधार पर अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन कर Me & U Restaurant और Padrino Restaurant में संयुक्त कार्रवाई की गई, जहां से फ्लेवर तंबाकू, हुक्के और अन्य संबंधित सामग्री बरामद हुई।
उन्होंने कहा कि फिलहाल दोनों स्थानों से कुल 6 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। शहर में किसी भी तरह की अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि किसी क्षेत्र में इस प्रकार का गैरकानूनी कारोबार संचालित हो रहा है तो लोग इसकी सूचना पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
