सेंध लगाकर घर में घुसे, CCTV में कैद हुए चार संदिग्ध युवक
जालंधर 7 मई (ब्यूरो) : जालंधर की गीता कॉलोनी में दिनदहाड़े बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। जानकारी के अनुसार चोरों ने एक घर में सेंध लगाकर लाखों रुपये की नकदी और सोने-चांदी के गहनों पर हाथ साफ कर दिया। बताया जा रहा है कि इस चोरी में करीब 25 से 30 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।
पीड़ित परिवार के मुताबिक चोर घर में पीछे की तरफ से सेंध लगाकर अंदर दाखिल हुए और घर में रखी अलमारी को निशाना बनाया। चोर अलमारी में रखे करीब डेढ़ लाख रुपये की नकदी और भारी मात्रा में सोने-चांदी के गहने लेकर फरार हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
घर की मालकिन अंशु ने बताया कि उनके घर में हाल ही में शादी हुई थी। शादी के लिए उन्होंने बैंक लॉकर से गहने निकलवाए थे और अभी एक महीना पहले ही विवाह संपन्न हुआ था। परिवार जल्द ही गहनों को वापस लॉकर में रखने वाला था, लेकिन उससे पहले ही चोरों ने घर को निशाना बना लिया। इस घटना से परिवार को भारी आर्थिक नुकसान पहुंचा है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीमें मौके पर पहुंच गईं और जांच शुरू कर दी गई। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी सामने आई है, जिसमें चार संदिग्ध युवक इलाके से जाते हुए दिखाई दे रहे हैं। फुटेज में एक युवक कैमरा देखते ही अपना चेहरा छिपाता हुआ भी नजर आ रहा है।
परिवार के सदस्यों ने सीसीटीवी में दिखाई दे रहे युवकों पर चोरी का शक जताया है। पुलिस अब फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने और उन्हें जल्द गिरफ्तार करने की कोशिश में जुटी हुई है। दिनदहाड़े हुई इस बड़ी चोरी की घटना के बाद इलाके के लोगों में डर और गुस्से का माहौल है।

