आप भी हो जाए सतर्क कहीं आपके साथ भी न हो जाए यह
जालंधर 5 मई (शर्मा) : जालंधर के माई हीरा गेट इलाके में स्थित पंजाब नेशनल बैंक की शाखा से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां बैंक लॉकर में रखे सोने के गहने गायब हो गए। इस घटना के बाद बैंक में हड़कंप मच गया और ग्राहक की सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं।
सत नगर निवासी जतिंदर चड्डा ने बताया कि उनकी मां ने साल 2000 में उनकी पत्नी को सोने के गहनों का एक सेट दिया था। मां के निधन के बाद उन्होंने वर्ष 2007 में ये गहने सुरक्षित रखने के लिए बैंक के लॉकर में जमा करवा दिए थे। उनके अनुसार 13 अप्रैल को जब उन्होंने लॉकर नंबर 336 की जांच की थी, तब सभी गहने सुरक्षित थे।
लेकिन जब वह हाल ही में कुछ अन्य गहने रखने के लिए बैंक पहुंचे और लॉकर खोला, तो उसमें से 6 से 7 तोले का सोने का सेट गायब मिला। इस सेट में हार, झुमके, टिक्का सहित अन्य आभूषण शामिल थे। पीड़ित के मुताबिक, यह गहने करीब 15 साल से लॉकर में सुरक्षित रखे हुए थे और उनकी कीमत लगभग 10 लाख रुपये है।
घटना के बाद जतिंदर चड्डा ने बैंक मैनेजर से संपर्क किया, जहां उन्हें लिखित शिकायत देने के लिए कहा गया। दूसरी ओर बैंक कर्मचारियों ने जिम्मेदारी ग्राहक पर डालते हुए खुद को इससे अलग बताया। पीड़ित का कहना है कि लॉकर की एक चाबी बैंक के पास और दूसरी ग्राहक के पास होती है, ऐसे में बिना किसी जिम्मेदारी के बैंक द्वारा लॉकर सुविधा के लिए शुल्क लेना भी सवालों के घेरे में है।
सीसीटीवी को लेकर पूछताछ करने पर बैंक प्रबंधन ने बताया कि लॉकर क्षेत्र में कैमरे नहीं लगे हैं। हालांकि मामले की जानकारी उच्च अधिकारियों को दे दी गई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित के बयान दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि बैंक प्रबंधन से भी बातचीत की गई है और आगे की कार्रवाई जारी है।

