बेखौफ कार चालक की टक्कर, पिता घायल-बेटा बेसुध

CRIME Featured JALANDHAR ZEE PUNJAB TV

स्कूल छोड़ने जा रहा था पिता, टक्कर के बाद सड़क पर बिखरा खून, बच्चा हुआ बेहोश

जालंधर 10 अप्रैल (सुखविंदर,राहुल) : शुक्रवार को जालंधर के चुग्गिती चौक के पास स्थित बिजली घर के बाहर एक तेज रफ्तार कार चालक ने बड़ा हादसा कर दिया। कार चालक स्कूल छोड़ने जा रहे बाइक सवार पिता-पुत्र को टक्कर मारकर मौके से फरार हो गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। बाइक चला रहा व्यक्ति खून से लथपथ हालत में बेसुध होकर जमीन पर गिर पड़ा, जबकि उसके साथ बैठा बच्चा भी गिरने से बेहोश हो गया।

 

हादसे को देख आसपास मौजूद राहगीरों ने तुरंत मानवता दिखाते हुए मदद के लिए दौड़ लगाई। लोगों ने पहले बच्चे को संभाला और उसे गोद में उठाकर पानी के छींटे मारकर होश में लाया। कुछ ही देर में बच्चे को होश आ गया। इसके बाद राहगीरों ने तुरंत एंबुलेंस को सूचना दी और घायल व्यक्ति को पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

घायल की पहचान विजय कुमार (47) निवासी सूर्या एन्क्लेव ग्रीन सिटी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह रोजाना की तरह अपने बेटे को स्कूल छोड़ने जा रहा था, लेकिन रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया।

मौके पर मौजूद एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि वह चुग्गिती फ्लाईओवर से यू-टर्न लेकर चौक की तरफ आ रहा था। उसी दौरान एक ग्रे रंग की तेज रफ्तार कार भी उसी दिशा से आ रही थी। वहीं बाइक सवार पिता-पुत्र चौक से पीएपी चौक की ओर जा रहे थे। जैसे ही वे बिजली घर के पास पहुंचे, कार चालक ने लापरवाही से बाइक को जोरदार टक्कर मार दी और बिना रुके मौके से फरार हो गया।

हादसे के बाद कुछ देर के लिए मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। राहगीरों की भीड़ इकट्ठा हो गई और लोगों ने मिलकर दोनों घायलों को संभाला। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 और एसएसएफ की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने तत्काल स्थिति को नियंत्रित करते हुए ट्रैफिक को सुचारू रूप से चलवाया।

वहीं थाना रामामंडी के सब-इंस्पेक्टर सुखदेव सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि एक अज्ञात कार चालक बाइक सवार को टक्कर मारकर फरार हो गया है। उन्होंने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और जल्द ही आरोपी वाहन चालक की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *