ई-रिक्शा में बैठने से पहले हो जाएं सतर्क, वरना हो सकता है बड़ा नुकसान

CRIME Featured JALANDHAR ZEE PUNJAB TV

सवारी को निशाना बना रहे शातिर, पल भर में साफ कर देते हैं जेब

जालंधर 26 मार्च (ब्यूरो) : अगर आप रोज़मर्रा के सफर के लिए ई-रिक्शा या ऑटो का इस्तेमाल करते हैं, तो सतर्क रहना बेहद जरूरी है। जालंधर में सामने आए एक ताज़ा मामले ने यह साफ कर दिया है कि कुछ चालक सवारी को निशाना बनाकर चोरी जैसी वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।

 

जानकारी के अनुसार, होशियारपुर से इलाज के सिलसिले में जालंधर आए एक बुजुर्ग के साथ दिनदहाड़े ई-रिक्शा में चोरी की कोशिश की गई। बुजुर्ग बस स्टैंड से ई-रिक्शा लेकर अपने रिश्तेदार के पास जा रहे थे। रास्ते में चालक ने उन्हें आगे बैठने के लिए कहा और इसी दौरान उसने चालाकी से उनकी जेब से 1700 रुपए निकाल लिए।

पीड़ित को चालक की हरकत पर शक हुआ, क्योंकि वह बार-बार उनकी जेब के पास हाथ डाल रहा था। चौथी बार जब चालक ने ऐसा करने की कोशिश की तो बुजुर्ग ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। आरोपी ने पैसे फ्रंट सीट के पास छिपा दिए थे। इस दौरान उसका एक साथी मौके से फरार हो गया।

घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी चालक को हिरासत में लेकर बस स्टैंड चौकी पहुंचाया। तलाशी के दौरान उससे 1700 रुपए बरामद कर लिए गए, जिन्हें बाद में पीड़ित को वापस सौंप दिया गया।

पूछताछ में आरोपी ने अपनी गलती स्वीकार कर ली। उसने बताया कि वह नशे का आदी है और पहले सिविल अस्पताल में उसका इलाज भी चल चुका है। पुलिस के अनुसार, आरोपी का एक साथी ई-रिक्शा लेकर फरार हो गया है, जिसकी तलाश जारी है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पीड़ित के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। इस घटना के बाद शहर में ई-रिक्शा से सफर करने वाले लोगों को और ज्यादा सतर्क रहने की जरूरत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *