क्रेन ऑपरेशन जारी, हाईवे पर रेंगता रहा ट्रैफिक, देखें वीडियो
जालंधर 22 मार्च (ब्यूरो) : जालंधर-फिल्लौर हाईवे पर रविवार तड़के एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब एक ट्रैक्टर-ट्राला अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगी रेलिंग तोड़ते हुए आधा हवा में लटक गया। घटना सुबह करीब 5 बजे की बताई जा रही है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक चालक को झपकी आने के कारण वाहन पर नियंत्रण नहीं रहा। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ और ड्राइवर सुरक्षित बच गया।
हादसे के बाद हाईवे पर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया, जिससे आने-जाने वाले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात संभालने के साथ ट्राले को हटाने की कार्रवाई शुरू करवाई।
रेस्क्यू के लिए तीन क्रेनें मौके पर लगाई गईं, लेकिन ट्राले का वजन ज्यादा होने के कारण उसे हटाने में दिक्कत आ रही है। क्रेन ऑपरेटर अमरिंदर सिंह ने बताया कि उन्हें सुबह करीब साढ़े पांच बजे घटना की जानकारी मिली थी। वहीं, एक बस चालक गुरजीत सिंह के अनुसार, ड्राइवर को नींद आने की वजह से यह हादसा हुआ।
फिलहाल प्रशासन की ओर से ट्रैफिक को सुचारू करने और ट्राले को सुरक्षित हटाने के प्रयास लगातार जारी हैं।

