घर में घुसकर किया अपमान, मानसिक तनाव में युवक ने उठाया खौफनाक कदम
जालंधर 21 मार्च (ब्यूरो) : सोशल मीडिया पर हुए विवाद ने एक युवक की जिंदगी छीन ली। खुरला किंगरा इलाके में 18 वर्षीय युवक ने संदिग्ध परिस्थितियों में आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान राजन के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।
परिजनों के मुताबिक, कुछ दिन पहले राजन का सोशल मीडिया पर कुछ युवकों के साथ विवाद हो गया था। इसके बाद से ही आरोपी युवक उसे लगातार धमकियां दे रहे थे। धमकियों के कारण राजन मानसिक तनाव में रहने लगा था और काफी डरा-सहमा रहता था।
परिवार ने आरोप लगाया है कि घटना वाले दिन करीब 10 से 12 युवक तेजधार हथियारों के साथ जबरन उनके घर में घुस आए। वे राजन को घर की छत पर ले गए, जहां उसे डराया-धमकाया गया और जबरन माफी मंगवाई गई। इस दौरान आरोपियों ने पूरी घटना की वीडियो भी बनाई, ताकि उसे और ज्यादा अपमानित किया जा सके और सोशल मीडिया पर दबाव बनाया जा सके।
परिजनों का कहना है कि इस घटना के बाद राजन पूरी तरह से टूट गया था। लगातार मिल रही धमकियों, बेइज्जती और मानसिक दबाव को वह सहन नहीं कर पाया, जिसके चलते उसने यह खौफनाक कदम उठा लिया।
घटना की सूचना मिलते ही थाना सदर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
थाना सदर के एसएचओ ने बताया कि पुलिस सोशल मीडिया चैट, कॉल डिटेल और आरोपियों द्वारा बनाई गई कथित वीडियो की जांच कर रही है। शुरुआती जांच के आधार पर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जाएगी और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

