जालंधर : दिन चढ़ते ही वारदात,स्कूल जा रही महिला को बनाया निशाना

CRIME Featured JALANDHAR ZEE PUNJAB TV

एक्टिवा पर आए युवकों ने वारदात को दिया अंजाम, लोगों ने पीछा कर पकड़ की छितर परेड

जालंधर 19 मार्च (ब्यूरो) : जालंधर महानगर में दिनदहाड़े लूट की एक वारदात सामने आई है। बस्ती गुजा इलाके में एक महिला की बालियां छीनकर दो युवक फरार हो गए। हालांकि, महिला के शोर मचाने पर स्थानीय लोगों ने पीछा कर एक आरोपी को पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी।

 

पीड़ित महिला बबीता ने बताया कि वह अपनी बेटी को स्कूल छोड़ने के लिए पैदल जा रही थी। इसी दौरान बिना नंबर की एक्टिवा पर सवार दो युवक आए और उसके कानों से बालियां छीनकर भाग निकले। महिला ने तुरंत शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोगों ने आरोपियों का पीछा करना शुरू कर दिया।

लोगों ने झंडिया वाले पीर के पास एक आरोपी को काबू कर लिया, जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया। पकड़े गए आरोपी की भीड़ ने पिटाई कर दी, जिससे उसके माथे से खून बहने लगा।

आरोपी ने अपनी पहचान 24 वर्षीय राजू निवासी किशनपुरा के रूप में बताई है। उसने खुलासा किया कि वारदात को अंजाम उसके साथी करण ने दिया था, जो मौके से फरार हो गया। राजू ने बताया कि उसने एक्टिवा रोक ली थी, लेकिन उसका साथी भाग निकला। पूछताछ में उसने यह भी कहा कि वह शराब का आदी है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर उसकी एक्टिवा कब्जे में ले ली है। पीड़िता बबीता, जो बस्ती नौ की रहने वाली है, के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि आगे की कार्रवाई शिकायत के आधार पर की जाएगी और फरार आरोपी की तलाश जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *