मॉर्निंग वॉक बना खतरनाक, लुटेरों ने व्यक्ति पर किया हमला

CRIME Featured HEALTH JALANDHAR ZEE PUNJAB TV

विरोध करने पर बेसबट से चेहरे पर वार, मोबाइल लूटकर हुए फरार

जालंधर 13 मार्च (ब्यूरो) : जालंधर के मकसूदां इलाके में सुबह सैर करने निकले एक व्यक्ति पर लुटेरों ने हमला कर दिया। विरोध करने पर लुटेरों ने बेसबॉल बैट से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया और मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए।

 

हमले के दौरान अमनदीप एवेन्यू निवासी परमजीत सिंह घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। आसपास के लोगों ने उन्हें घायल अवस्था में देखा और तुरंत इलाज के लिए अस्पताल में दाखिल करवाया। साथ ही घटना की सूचना पुलिस को दी गई।

 

घायल परमजीत सिंह के भाई अमरजीत सिंह ने बताया कि उनका भाई सुबह करीब साढ़े चार बजे घर से सैर के लिए निकले थे। जब वह घर से कुछ दूरी पर स्थित मकसूदां फ्लाईओवर के पास पहुंचे तो दो बाइक सवार युवकों ने उन्हें रोक लिया और जेब में जो कुछ भी है निकालने को कहा। जब उनके भाई ने लुटेरों का विरोध किया तो उन्होंने बेसबॉल बैट से उनके चेहरे पर हमला कर दिया।

 

हमले में परमजीत सिंह की नाक की हड्डी टूट गई और आंख भी गंभीर रूप से घायल हो गई। हमले के बाद वह सड़क पर गिर गए। बाद में उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है और डॉक्टरों ने ऑपरेशन की बात कही है। परिवार ने इस संबंध में थाना एक की पुलिस को शिकायत देकर लुटेरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

थाना एक के जांच अधिकारी शाम लाल ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि सुबह सैर कर रहे एक व्यक्ति पर लुटेरों ने हमला कर मोबाइल फोन लूट लिया है। पुलिस टीम मामले की जांच कर रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *