टिकट देने से किया इनकार, छुट्टे पैसों को लेकर बढ़ा विवाद

Featured JALANDHAR ZEE PUNJAB TV

यात्री ने बनाई वीडियो तो क्लर्क ने दी RPF बुलाने की धमकी, मामले पर रेलवे ने लिया संज्ञान

जालंधर 13 मार्च (ब्यूरो) : जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन के टिकट काउंटर पर उस समय हंगामे की स्थिति बन गई जब खुले पैसों को लेकर एक महिला क्लर्क और यात्री के बीच तीखी बहस हो गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें दोनों के बीच कहासुनी साफ दिखाई दे रही है।

 

 

जानकारी के अनुसार, एक यात्री टिकट लेने के लिए काउंटर पर पहुंचा था। इस दौरान उसने टिकट के लिए 200 रुपये का नोट दिया। काउंटर पर बैठी महिला क्लर्क ने यात्री से खुले पैसे लाने को कहा। यात्री का कहना था कि उसके पास केवल 200 रुपये ही हैं, जिस पर दोनों के बीच बहस शुरू हो गई।

Screenshot

वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि महिला कर्मचारी यात्री को बार-बार छुट्टे पैसे लाने के लिए कहती है। वहीं यात्री का आरोप था कि काउंटर पर मौजूद गल्ले में पैसे होने के बावजूद उसे छुट्टे नहीं दिए जा रहे हैं। यात्री ने यह भी कहा कि न तो उससे ऑनलाइन पेमेंट लिया जा रहा है और न ही छुट्टे पैसे दिए जा रहे हैं।

बहस बढ़ने पर महिला क्लर्क ने यात्री के पैसे वापस लौटा दिए और टिकट देने से मना कर दिया। उसने कहा कि उसके पास सीमित पैसे हैं और अगर वह सारे छुट्टे दे देगी तो अन्य यात्रियों को वापस कैसे दे पाएगी। इसी दौरान उसने यात्री को वीडियो बनाने और सोशल मीडिया पर डालने को लेकर चेतावनी भी दी और कहा कि ऐसा करने पर वह रेलवे पुलिस को बुला सकती है।

बाद में यात्री ने घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो सामने आने के बाद रेलवे फिरोजपुर डिवीजन के डीआरएम की ओर से प्रतिक्रिया दी गई। रेलवे प्रशासन ने कहा कि पारदर्शिता, अनुशासन और यात्री-हितैषी सेवाएं बनाए रखना उनकी प्राथमिकता है। मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित कर्मचारी के खिलाफ तुरंत अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू कर दी गई है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *