जालंधर : खड़े ट्रक से टकराई एक्टिवा, जिंदगी की जंग हार गया युवक

CRIME Featured JALANDHAR ZEE PUNJAB TV

जालंधर : खड़े ट्रक से टकराई एक्टिवा, जिंदगी की जंग हार गया युवक

जालंधर 27 फरवरी (ब्यूरो) : गोराया–फगवाड़ा हाईवे पर देर रात एक भीषण सड़क हादसे में एक्टिवा सवार व्यक्ति की जान चली गई। बताया जा रहा है कि सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से आकर एक्टिवा टकरा गई, जिससे सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर यातायात प्रभावित हो गया और हाईवे पर जाम की स्थिति बन गई।

 

घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायल को तुरंत सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान फिल्लौर निवासी हेमंत कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

मृतक हेमंत कुमार की फाइल फोटो

 

मिली जानकारी के मुताबिक ट्रक सड़क किनारे खड़ा था, तभी तेज रफ्तार एक्टिवा पीछे से उससे जा भिड़ी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया।

प्रत्यक्षदर्शी सुखदेव सिंह ने बताया कि वह जालंधर से आ रहा था। रास्ते में हाईवे पर जाम लगा देखा, जिसके बाद आगे जाकर पता चला कि ट्रक और एक्टिवा के बीच टक्कर हुई है और हादसे में एक्टिवा सवार की मौत हो गई।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार कंट्रोल रूम से सूचना मिलने के बाद टीम तुरंत मौके पर पहुंची। जालंधर–लुधियाना हाईवे पर संपूर्णा फैक्टरी के पास हुए इस हादसे के बाद मृतक के शव को सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया है और परिजनों को सूचित कर दिया गया है। आगे की कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *