1 फरवरी को जालंधर के इस धार्मिक स्थान में पहुंचेंगे PM नरेंद्र मोदी,पढ़े

Featured JALANDHAR POLITICS Religious ZEE PUNJAB TV

1 फरवरी को जालंधर के इस धार्मिक स्थान में पहुंचेंगे PM नरेंद्र मोदी

जालंधर 27 जनवरी (ब्यूरो) : इस समय की बड़ी खबर जालंधर से सामने आ रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक फरवरी को जालंधर के डेरा सच्चखंड बल्लां पहुंचेंगे। यह दौरा गुरू रविदास जी महाराज के प्रकाश पर्व के अवसर पर प्रस्तावित है। पीएम मोदी डेरा सच्चखंड बल्लां में नतमस्तक होकर गुरू रविदास जी महाराज को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।

 

प्रधानमंत्री के इस दौरे की पुष्टि वरिष्ठ भाजपा नेता विजय सांपला ने की है। उन्होंने बताया कि गुरू रविदास जी महाराज के प्रकाश पर्व पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विशेष रूप से जालंधर आएंगे और डेरा सच्चखंड बल्लां में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस दौरे को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।

 

गौरतलब है कि हाल ही में केंद्र सरकार ने संत निरंजन दास जी महाराज को पद्मश्री सम्मान से नवाजने की घोषणा की है। गणतंत्र दिवस के अवसर पर घोषित इस सम्मान के तहत संत निरंजन दास जी महाराज को समाज सेवा, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में उनके अतुलनीय योगदान के लिए पद्मश्री अवार्ड दिया जाएगा।

 

संत निरंजन दास जी महाराज को दुनियाभर में फैले रविदासिया समुदाय के आध्यात्मिक मार्गदर्शक के रूप में जाना जाता है। उन्होंने वंचित और जरूरतमंद वर्गों के उत्थान के लिए अनेक अस्पतालों और शिक्षण संस्थानों की स्थापना की है। मानवता की सेवा में उनके निरंतर योगदान को देखते हुए पद्मश्री सम्मान की घोषणा से पंजाब सहित उनके अनुयायियों में खुशी और उत्साह का माहौल है।

 

पद्मश्री सम्मान की घोषणा के बाद भाजपा नेतृत्व की ओर से संत निरंजन दास जी महाराज को बधाइयां दी गईं। इस दौरान वरिष्ठ भाजपा नेता विजय सांपला, मनोरंजन कालिया, सांसद सुशील कुमार रिंकू सहित कई अन्य नेताओं ने उनसे मुलाकात कर शुभकामनाएं दीं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह प्रस्तावित दौरा धार्मिक और सामाजिक दृष्टि से काफी अहम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *