जालंधर में बेखौफ लुटेरे! दंपति बचाओ बचाओ कहते रहे, हथियारबंद लुटेरे लूटकर हुए फरार
जालंधर 8 अगस्त (ब्यूरो) : जालंधर के शिव विहार इलाके में सुबह के समय हथियारबंद स्नेचरों द्वारा स्नेचिंग की वारदात को अंजाम देने का मामला सामने आया है। बाइक सवार दो बदमाशों ने सरेआम दंपति को हथियार दिखाकर डराया और महिला से स्नेचिंग कर मौके से फरार हो गए। पूरी वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसके बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
बताया जा रहा है कि घटना सुबह करीब 8 बजे की है। सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहा है कि एक दंपति पैदल गली से गुजर रहा था। इसी दौरान बाइक पर सवार दो युवक वहां पहुंचते हैं और सड़क किनारे बाइक खड़ी कर देते हैं। दोनों युवक पहले से ही वारदात को अंजाम देने के लिए मौके की तलाश में नजर आते हैं।
जैसे ही दंपति उनके पास से गुजरता है, दोनों स्नेचर अचानक उनके सामने आ जाते हैं और हथियार लहराकर उन्हें डराने लगते हैं। हथियार देखकर दंपति घबरा जाता है और मदद के लिए शोर मचाना शुरू कर देता है। सीसीटीवी में पीड़ितों की चीख-पुकार और लोगों से मदद की गुहार लगाने की आवाज भी सुनाई दे रही है।
इसके बावजूद आसपास से कोई मदद के लिए बाहर नहीं आया। इसी दौरान हथियारबंद बदमाश महिला को डराकर उससे सामान छीन लेते हैं और कुछ ही पलों में बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो जाते हैं। दोनों आरोपियों ने अपने चेहरे ढके हुए थे, जिससे उनकी पहचान करना फिलहाल मुश्किल है।
घटना की सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था और अपराध पर नकेल कसने के दावों को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। सुबह के समय रिहायशी इलाके में हथियार लहराकर स्नेचिंग की वारदात ने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है। इलाके के लोगों ने पुलिस से आरोपियों की जल्द पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने और क्षेत्र में गश्त बढ़ाने की मांग की है।
फिलहाल पुलिस द्वारा सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोनों स्नेचरों की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं। दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद शिव विहार के लोगों में डर का माहौल बना हुआ है।
