जालंधर के देवी तालाब मंदिर समेत कई धार्मिक स्थलों को मिली बम से उड़ाने की धमकी

CRIME JALANDHAR PUNJAB Religious

जालंधर के देवी तालाब मंदिर समेत कई धार्मिक स्थलों को मिली बम से उड़ाने की धमकी

जालंधर 4 जून (सुखविन्द्र,राहुल) : पंजाब और चंडीगढ़ में सरकारी संस्थानों तथा धार्मिक स्थलों को लगातार ई-मेल के माध्यम से बम धमकियां मिलने का सिलसिला जारी है। ताजा मामले में जालंधर के श्री देवी तालाब मंदिर, अमृतसर के दुर्गियाना मंदिर, पठानकोट के मुक्तेश्वर मंदिर, बठिंडा के मैसर मंदिर और पटियाला के काली देवी मंदिर को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। इसके अलावा पंजाब सिविल सचिवालय को भी निशाना बनाने की चेतावनी ई-मेल के जरिए भेजी गई है।

 

धमकी भरे ई-मेल में 6 जून 1984 को श्री दरबार साहिब पर हुए सैन्य अभियान का जिक्र करते हुए बदला लेने की बात कही गई है। साथ ही लोगों को 5 और 6 जून के दौरान अंबाला और दिल्ली की यात्रा से बचने की चेतावनी भी दी गई है। ई-मेल सामने आने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गई हैं।

सूचना मिलते ही चंडीगढ़ में पुलिस, बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वायड की टीमें पंजाब सिविल सचिवालय पहुंचीं और पूरे परिसर की तलाशी शुरू कर दी। वहीं राज्य के विभिन्न धार्मिक स्थलों पर भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

जालंधर स्थित श्री देवी तालाब मंदिर में भी पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों द्वारा गहन जांच अभियान चलाया जा रहा है। मंदिर परिसर के साथ-साथ पार्किंग क्षेत्र की भी बारीकी से तलाशी ली जा रही है। फिलहाल किसी भी संदिग्ध वस्तु के मिलने की सूचना नहीं है, जबकि सुरक्षा एजेंसियां ई-मेल भेजने वाले की पहचान करने और मामले की जांच में जुटी हुई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *