जालंधर में रात का सफर होगा प्रभावित,बंद रहेंगे यह रेलवे फाटक
जालंधर 5 जून (ब्यूरो) : जालंधर: शहर के वाहन चालकों और रात के समय सफर करने वाले लोगों के लिए अगले कुछ दिन परेशानी भरे हो सकते हैं। रेलवे विभाग ने जालंधर सिटी क्षेत्र में पड़ने वाले विभिन्न रेलवे फाटकों पर आवश्यक मरम्मत और रखरखाव कार्य शुरू करने का निर्णय लिया है। इसके चलते 5 जून से 9 जून तक अलग-अलग दिनों में चार रेलवे फाटक रात के समय पूरी तरह बंद रहेंगे।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, जालंधर सिटी-जेयूसी-एनआरओ सेक्शन पर स्थित मेन लेवल क्रॉसिंगों पर मेंटेनेंस कार्य किया जाएगा। इस दौरान संबंधित फाटक रात 9 बजे से अगले दिन सुबह 6 बजे तक बंद रखे जाएंगे। रेलवे ने लोगों से यात्रा से पहले वैकल्पिक मार्गों की जानकारी लेने और उसी अनुसार अपनी योजना बनाने की अपील की है।
रेलवे द्वारा जारी शेड्यूल के अनुसार 5 जून को कैंब्रिज फाटक बंद रहेगा, जिसके लिए गढ़ा फाटक को वैकल्पिक मार्ग के रूप में इस्तेमाल किया जा सकेगा। 6 जून को गढ़ा फाटक बंद रहेगा और वाहन चालक कैंब्रिज फाटक का उपयोग कर सकेंगे। 7 जून को लाडोवाली फाटक पर मरम्मत कार्य होगा, जिसके चलते लोगों को संत नगर फाटक से होकर गुजरना होगा। वहीं 8 जून को संत नगर फाटक बंद रहेगा और उसके विकल्प के तौर पर लाडोवाली फाटक का उपयोग किया जा सकेगा।
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि यह कार्य रेलवे ट्रैक और फाटकों की सुरक्षा तथा यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए बेहद जरूरी है। हालांकि रात के समय शहर में प्रवेश करने वाले भारी वाहनों, ट्रांसपोर्टरों और यात्रियों को कुछ असुविधा का सामना करना पड़ सकता है।
यातायात प्रभावित न हो और लोग जाम की स्थिति से बच सकें, इसके लिए रेलवे ने रूट डायवर्जन प्लान भी जारी किया है। प्रशासन ने लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि निर्धारित तिथियों के दौरान संबंधित फाटकों की बजाय वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें।

