घर के बाहर खेल रही 7 साल की बच्ची को कुचलकर चालक फरार, CCTV में कैद दर्दनाक मंजर
जालंधर 7 अप्रैल (ब्यूरो) : जालंधर के चौगिट्टी के नजदीक गुरु नानक पुरा इलाके में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। घर के बाहर खेल रही सात साल की मासूम बच्ची को तेज रफ्तार कार ने कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। यह पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, जिसका वीडियो सामने आने के बाद इलाके में दहशत और गुस्से का माहौल बन गया।
मृतक बच्ची की पहचान राधिका के रूप में हुई है। हादसे के समय वह अपने घर के बाहर खेल रही थी, तभी अचानक एक तेज रफ्तार कार वहां से गुजरी और उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। आरोप है कि हादसे के बाद कार चालक बच्ची को अस्पताल पहुंचाने के बजाय मौके से फरार हो गया।
बच्ची के पिता सपाए लाल, जो चिकन का काम करते हैं, ने बताया कि घटना के समय वह काम के सिलसिले में लुधियाना गए हुए थे। उन्हें परिवार वालों ने फोन कर हादसे की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि उनकी बेटी घर के बाहर खेल रही थी और अचानक यह हादसा हो गया। घटना के बाद परिवार ने तुरंत पुलिस को सूचित किया और सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस को सौंप दी।
सूचना मिलते ही थाना रामामंडी पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी कार चालक की पहचान कर ली गई। पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और वाहन को भी कब्जे में ले लिया।
मामले की जांच कर रहे एएसआई सतनाम सिंह ने बताया कि आरोपी जसविंदर सिंह अपने बेटे का पेपर दिलवाने के लिए इलाके में आया हुआ था। इसी दौरान लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए उसने बच्ची को टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। पुलिस ने परिवार के बयान दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
हादसे के बाद बच्ची के शव का पोस्टमार्टम करवाया गया, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है और लोग प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।

