जालंधर-अमृतसर हाईवे पर कार चालक को आई नींद की झपकी अनियंत्रित होकर फुटपाथ की ग्रिल से टकराई गाड़ी,बाल बाल बचा परिवार

CRIME Featured JALANDHAR ZEE PUNJAB TV

अनियंत्रित होकर फुटपाथ की ग्रिल से टकराई गाड़ी,बाल बाल बचा परिवार

जालंधर 15 मार्च (ब्यूरो) : जालंधर के मकसूदां बाईपास के पास हाईवे पर उस समय हादसा हो गया जब एक स्विफ्ट कार चालक को अचानक नींद की झपकी आ गई। झपकी आने के कारण कार अनियंत्रित हो गई और फुटपाथ के पास लगी लोहे की ग्रिल से जा टकराई। हादसे के समय कार में सवार पूरा परिवार बाल-बाल बच गया, हालांकि एक महिला को चोटें आई हैं।

 

कार के क्षतिग्रस्त हालत में हाईवे पर खड़ी होने के कारण राहगीरों और अन्य वाहन चालकों को निकलने में परेशानी का सामना करना पड़ा। इस दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने घटना की सूचना सड़क सुरक्षा फोर्स को दी। सूचना मिलते ही सड़क सुरक्षा फोर्स की टीम मौके पर पहुंची और हालात को संभाला।

टीम ने घायल महिला को प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी डॉक्टर के पास पहुंचाया और दुर्घटनाग्रस्त कार को सड़क से साइड में करवाया, जिससे यातायात फिर से सुचारू हो सका।

सड़क सुरक्षा टीम के जांच अधिकारी एएसआई सतपाल सिंह ने बताया कि दिल्ली निवासी जसविंदर सिंह अपने परिवार के साथ अमृतसर की ओर जा रहे थे। जब वे मकसूदां बाईपास के पास पहुंचे तो चालक को अचानक नींद की झपकी आ गई। इसी दौरान कार अनियंत्रित होकर फुटपाथ के पास लगी लोहे की ग्रिल से टकरा गई, जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया और कार में सवार एक महिला को चोटें आईं।

उन्होंने बताया कि हादसे के बाद कार बीच सड़क में खड़ी होने के कारण यातायात प्रभावित हो गया था। सूचना मिलने पर सड़क सुरक्षा टीम ने मौके पर पहुंचकर कार को सड़क से हटवाया और यातायात को सामान्य करवाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *