पानी मांगकर ध्यान भटकाया, झटके में बालियां लेकर फरार, CCTV में कैद पूरी घटना
जालंधर 7 अप्रैल (ब्यूरो) : जालंधर के अर्बन एस्टेट फेज-2 इलाके में कैबिनेट मंत्री के घर के नजदीक एक बुजुर्ग महिला से सरेआम स्नैचिंग की वारदात सामने आई है। गली में बैठी महिला को निशाना बनाकर दो बाइक सवार युवक पलक झपकते ही बालियां छीनकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
पीड़िता लीलावती के अनुसार वह घर के बाहर दूसरी महिला के साथ बैठी हुई थीं। इसी दौरान बाइक पर आए दो युवक वहां रुके। एक युवक ने पानी पीने के बहाने उनसे बातचीत शुरू की। महिला ने उसे पास के पार्क में लगे नल की तरफ जाने को कहा, लेकिन इसी बीच युवक ने मौका देखकर उनके कानों से बालियां झपट लीं और तुरंत बाइक पर बैठे अपने साथी के साथ फरार हो गया।
घटना के वक्त गली में कोई और मौजूद नहीं था, जिसका फायदा उठाकर आरोपी आसानी से भाग निकले। हालांकि पूरी वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है, जिसमें आरोपी साफ तौर पर नजर आ रहे हैं।
घटना के बाद महिला ने तुरंत पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने बयान दर्ज कर आसपास के सीसीटीवी फुटेज कब्जे में ले लिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उन्हें पकड़ने के लिए छापेमारी की जा रही है।

