जालंधर में रात के अंधेरे में बड़ी वारदात, कारोबारी से लाखों का कैश लूटकर भागे लुटेरे
जालंधर 18 अगस्त (ब्यूरो) : जालंधर के सूर्या एनक्लेव एक्सटेंशन के पास 120 फीट रोड पर सोमवार रात एक कारोबारी से लाखों रुपये की लूट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। कार सवार बदमाशों ने पहले कारोबारी की कार को टक्कर मारकर रोका और फिर रॉड से कार के शीशे तोड़कर उनके साथ मारपीट की। इसके बाद कार में रखा कैश से भरा बैग लेकर फरार हो गए। शुरुआती जानकारी के मुताबिक बैग में 50 लाख रुपये से ज्यादा कैश होने की बात सामने आ रही है, हालांकि पुलिस के अनुसार कारोबारी ने अभी रकम की स्पष्ट पुष्टि नहीं की है।
जानकारी के अनुसार लोहा व्यापारी ललित मित्तल सोमवार रात करीब 7:50 बजे टांडा रोड स्थित अपने दफ्तर से घर लौट रहे थे। उनका घर सूर्या एनक्लेव में है। कारोबारी के मुताबिक किशनपुरा में दुग्गल बेकरी के पास से निकलने के बाद उन्हें महसूस हुआ कि एक सफेद रंग की कार उनका पीछा कर रही है।
जब वह 120 फीट रोड पर पहुंचे तो सड़क पर स्ट्रीट लाइटें बंद थीं। इसी दौरान पीछे से आ रही कार अचानक उनके आगे आ गई। बदमाशों ने उनकी कार रोकने का प्रयास किया, लेकिन ललित मित्तल ने गाड़ी बैक करने की कोशिश की। इसी दौरान आरोपियों ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी।
कारोबारी ने बच निकलने के लिए गाड़ी भगाने की कोशिश की, लेकिन बदमाशों ने कुछ दूरी पर ही उन्हें घेर लिया। इसके बाद कार से तीन आरोपी बाहर निकले और रॉड से उनकी कार के शीशे तोड़ दिए। बदमाशों ने कारोबारी के माथे पर भी वार किया। इससे पहले कि वह संभल पाते, आरोपी बगल की सीट के नीचे रखा कैश से भरा बैग निकालकर अपनी कार में फरार हो गए।
ललित मित्तल के मुताबिक बदमाशों की संख्या 4 से 5 के बीच थी। वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस में हड़कंप मच गया। रात करीब 8 बजे पुलिस को घटना की जानकारी मिली, जिसके बाद डीसीपी मनप्रीत सिंह ढिल्लों, एसीपी अमनबीर सिंह, एसएचओ जसपाल सिंह, सीआईए इंचार्ज सुरिंदर कुमार और स्पेशल सेल इंचार्ज मनजिंदर सिंह सहित पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस की करीब 7 टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हुई हैं।
ललित मित्तल सीजेएस स्कूल के मालिक होने के साथ-साथ सूर्या एनक्लेव रेजिडेंट्स वेलफेयर सोसाइटी के महासचिव भी हैं। घटना की जानकारी मिलते ही आप नेता नितिन कोहली और सोसाइटी अध्यक्ष सुनील शर्मा भी मौके पर पहुंचे।
डीसीपी मनप्रीत सिंह ढिल्लों ने बताया कि कारोबारी ने अभी बैग में मौजूद कैश की कुल रकम स्पष्ट रूप से नहीं बताई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।
