जालंधर लुधियाना नेशनल हाईवे पर CNG सिलेंडरों से भरे ट्रक और रेत से भरे टिप्पर की टक्क
जालंधर 12 अगस्त (ब्यूरो) : गोराया नेशनल हाईवे पर मेन चौक के पुल के ऊपर CNG सिलेंडरों से भरे ट्रक और रेत से लदे टिप्पर के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि CNG सिलेंडरों से भरे ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे की सूचना एक राहगीर ने तुरंत सड़क सुरक्षा फोर्स (SSF) को दी। सूचना मिलते ही SSF के इंचार्ज सरबजीत सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। मौके पर CNG सिलेंडरों से भरे ट्रक का ड्राइवर केबिन के अंदर फंसा हुआ था। SSF टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से ड्राइवर को सुरक्षित बाहर निकाला।
घायल ड्राइवर को एंबुलेंस के जरिए सिविल अस्पताल फिल्लौर भेजा गया, जहां उसका इलाज कराया जा रहा है।
वहीं, रेत से भरे टिप्पर के ड्राइवर संदीप ने बताया कि CNG सिलेंडरों से भरा ट्रक पीछे से आया और उसके टिप्पर से टकरा गया। टक्कर के कारण टिप्पर का टायर भी पंचर हो गया, जबकि CNG वाले ट्रक को भारी नुकसान पहुंचा और उसका अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
फिलहाल हादसा किस वजह से हुआ, इसकी जांच की जा रही है।
