बरनाला लाठीचार्ज के विरोध में भगवान श्री राम चौक में कल होगा सरकार के खिलाफ बड़ा प्रदर्शन
जालंधर 23 जुलाई (ब्यूरो) : बरनाला में सफाई कर्मचारियों पर हुए पुलिस लाठीचार्ज के विरोध में गुरुवार को नगर निगम जालंधर में सफाई कर्मचारी यूनियन और विभिन्न कर्मचारी संगठनों की ओर से संयुक्त प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इस दौरान यूनियन नेताओं ने घटना की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए पंजाब सरकार और पुलिस प्रशासन के खिलाफ रोष जताया।
प्रेस वार्ता में वक्ताओं ने कहा कि बरनाला में प्रदर्शन कर रहे सफाई कर्मचारियों, विशेषकर महिला कर्मचारियों पर जिस तरह पुलिस ने बल प्रयोग किया, वह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है। उनका आरोप था कि महिलाओं पर लाठीचार्ज करने वालों में महिला पुलिसकर्मी मौजूद नहीं थीं, बल्कि पुरुष पुलिसकर्मियों ने महिलाओं के साथ मारपीट की, जो पूरी तरह अस्वीकार्य है।
यूनियन नेताओं ने कहा कि एक ओर पंजाब सरकार महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा की बातें करती है, जबकि दूसरी ओर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रही महिला सफाई कर्मचारियों के साथ इस तरह का व्यवहार किया गया। उन्होंने इस घटना को वाल्मीकि समाज का अपमान बताते हुए कहा कि समाज में इसे लेकर भारी रोष है।
प्रेस वार्ता के दौरान पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि दोषी अधिकारियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो पूरे प्रदेश में आंदोलन तेज किया जाएगा। उन्होंने ऐलान किया कि शुक्रवार सुबह जालंधर के भगवान श्री राम चौक में आम आदमी पार्टी सरकार के खिलाफ बड़े स्तर पर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
यूनियन की ओर से मांग की गई कि बरनाला के एसएसपी, एसपी, डीएसपी और संबंधित थाना प्रभारी को तत्काल निलंबित किया जाए तथा मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही राष्ट्रीय महिला आयोग और राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग से भी इस मामले का स्वत: संज्ञान लेकर उचित कार्रवाई करने की मांग की गई।
यूनियन नेताओं ने कहा कि यदि सरकार ने कर्मचारियों की आवाज को अनदेखा किया तो वाल्मीकि समाज आने वाले विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी का विरोध करेगा और लोकतांत्रिक तरीके से अपना फैसला सुनाएगा।
