बारात निकलने से पहले ही शादी वाले घर में मचा हड़कंप,माहौल देख वापिस लौटे रिश्तेदार
जालंधर 19 अप्रैल (सुखविंदर,राहुल) : जालंधर से इस समय बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां शादी का खुशी भरा माहौल अचानक डर में बदल गया। जिस घर से आज बारात जानी थी, वहां से बारात निकलने से पहले ही रिश्तेदार डर के कारण घर छोड़कर चले गए।
जैमल नगर इलाके में स्थित एक घर में बीती रात शादी की तैयारियां चल रही थीं। घर में डीजे लगा हुआ था और सभी लोग नाच-गा रहे थे। इसी दौरान डीजे पर गाना लगाने को लेकर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि डीजे संचालक और उसके साथियों ने ईंट-पत्थर बरसाने शुरू कर दिए। हालांकि रात में किसी तरह मामला शांत हो गया।
रविवार को इसी घर से बारात जानी थी, लेकिन उससे पहले शाम करीब 4 बजे डीजे संचालक के साथ करीब 20 से 25 हथियारबंद युवक घर में घुस आए और जमकर तोड़फोड़ की। हमलावरों ने घर के अंदर घुसकर सामान को नुकसान पहुंचाया, जिससे घर में मौजूद परिजन और रिश्तेदार दहशत में आ गए। स्थिति ऐसी बन गई कि लोगों को हाथ जोड़कर उनसे बचने की गुहार लगानी पड़ी।
परिवार के सदस्यों के अनुसार, शनिवार रात को डीजे पर गाना लगाने को लेकर एक युवक के साथ कहासुनी हुई थी, जो बाद में झगड़े में बदल गई। हालात इतने बिगड़ गए कि लोगों को अपने घरों में छिपकर दरवाजे बंद करने पड़े। रात में मामला शांत होने के बाद सभी को लगा कि स्थिति सामान्य हो गई है, लेकिन अगले दिन दोबारा हमला कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही थाना रामा मंडी की पुलिस मौके पर पहुंची। सब-इंस्पेक्टर सुरेंद्र कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पीसीआर टीम पहले ही मौके पर पहुंच गई थी। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर जांच शुरू कर दी है सब इंस्पेक्टर सुरेंद्र कुमार का कहना है कि हमला करने वाले युवकों ने कई घरों पर हमला किया है। पारिवारिक सदस्यों ने अभी ऐसा कुछ नहीं बताया की झगड़ा किस बात से शुरू हुआ और क्यों हुआ फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। दोषियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

