जालंधर में लोगों ने दिखाई हिम्मत, हथियारबंद युवक पकड़ा

CRIME JALANDHAR ZEE PUNJAB TV

लोगों ने युवक पर लूटपाट और छेड़छाड़ के भी लगाए आरोप,पुलिस के किया हवाले

 

जालंधर 15 मार्च (ब्यूरो) : जालंधर के जनता कॉलोनी इलाके में उस समय सनसनी फैल गई जब स्थानीय लोगों ने एक हथियारबंद युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। जानकारी के अनुसार पकड़ा गया युवक काफी समय से इलाके में लूटपाट और गुंडागर्दी की घटनाओं को अंजाम देकर लोगों में दहशत फैला रहा था। बताया जा रहा है कि रविवार को भी वह किसी बड़ी वारदात की नीयत से जनता कॉलोनी की गलियों में घूम रहा था। इसी दौरान सतर्क लोगों ने उसे काबू कर लिया और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में ले लिया।

 

घटना हाथी गेट के पास की बताई जा रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार आरोपी को हाथी गेट के सामने घेरकर पकड़ा गया। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने युवक की तलाशी ली, जिसके दौरान उसके कब्जे से एक रिवॉल्वर बरामद हुई। आरोपी को पकड़ने के दौरान मौके पर बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए और पुलिस से उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करने लगे। लोगों का कहना था कि पिछले कुछ समय से इलाके में चोरी और छीनाझपटी की घटनाएं बढ़ रही थीं, जिसके चलते मोहल्ले के युवाओं ने संदिग्ध लोगों पर नजर रखना शुरू कर दिया था।

स्थानीय निवासियों ने यह भी आरोप लगाया कि पकड़ा गया युवक इलाके से गुजरने वाली महिलाओं और लड़कियों के साथ बदतमीजी और छेड़छाड़ करता था। लोगों का कहना है कि ऐसे लोगों की वजह से गली-मोहल्लों में बहन-बेटियों का आना-जाना मुश्किल हो गया था। इलाके के प्रधान ने कहा कि पूरी कॉलोनी के लोग इस मामले में एकजुट हैं और आरोपी के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई चाहते हैं।

लोगों ने आरोपी को पकड़ने के दौरान उसकी वीडियो भी बना ली। स्थानीय लोगों का कहना है कि वीडियो को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाया जाएगा ताकि आरोपी की पहचान सामने आ सके और भविष्य में वह किसी और वारदात को अंजाम न दे सके। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और उसके आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।

फिलहाल पुलिस मौके से युवक को अपने साथ ले जाकर जांच पड़ताल कर रही है। युवक के पास से जो पिस्तौल नुमा चीज मिली है वो असली है या नहीं इसकी पुष्टि हम अभी नहीं कर रहे है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *