क्रॉकरी सड़क पर बिखरी, एयरबैग खुलने से टला बड़ा हादसा
जालंधर 14 मार्च (ब्यूरो) : जालंधर के बस स्टैंड फ्लाईओवर पर देर रात एक तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर और सामान से भरे ‘छोटे हाथी’ (टाटा ऐस) के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मालवाहक वाहन सड़क के बीचों-बीच पलट गया, जिससे कुछ समय के लिए फ्लाईओवर पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। हादसे के बाद गाड़ी में रखा कीमती क्रॉकरी का सामान सड़क पर बिखर गया और काफी मात्रा में टूट गया।
हालांकि राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ, लेकिन दोनों वाहनों और सामान को भारी नुकसान पहुंचा है। सूचना मिलते ही बस स्टैंड चौकी की पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को संभालते हुए जाम खुलवाया।
घटनास्थल पर मौजूद ‘छोटे हाथी’ के चालक नवदीप सिंह ने बताया कि वह अपनी गाड़ी में सेलो और कलारा जैसी कंपनियों का क्रॉकरी का सामान, जिसमें कप, प्लेट और अन्य बर्तन शामिल थे, लोड करके ले जा रहा था। फ्लाईओवर पर पहुंचते ही अचानक तकनीकी खराबी के कारण उसकी गाड़ी बंद हो गई। चालक के अनुसार उसने वाहन को साइड में लगाकर ठीक करने की कोशिश की और पीछे से आने वाले वाहनों को सावधान करने के लिए इंडिकेटर भी चालू कर दिए थे।
इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार सफेद रंग की फॉर्च्यूनर गाड़ी ने उसके वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही छोटा हाथी असंतुलित होकर सड़क के बीच में पलट गया। टक्कर के समय फॉर्च्यूनर के एयरबैग खुल गए, जिससे उसमें सवार लोग गंभीर चोट लगने से बच गए। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि अगर एयरबैग न खुलते तो हादसा और गंभीर हो सकता था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

