लोगों ने पकड़कर की छितर-परेड कर किया पुलिस के हवाले
जालंधर 10 मार्च (ब्यूरो) : जालंधर के बस्ती गुजा इलाके में देर रात एक युवती के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि रास्ता पूछने के बहाने युवक ने युवती से गलत हरकत करने की कोशिश की, जिसके बाद मौके पर मौजूद लोगों ने उसे पकड़कर जमकर पीट दिया।
मिली जानकारी के अनुसार युवती देर रात अपने घर जा रही थी। रास्ते में एक्टिवा सवार एक युवक ने उससे दिलबाग नगर का रास्ता पूछा। युवती का आरोप है कि बात करते-करते युवक ने अचानक उसके साथ गलत हरकत करनी शुरू कर दी। जब युवती ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने उसके गले में हाथ डालकर चेन छीनने की कोशिश की।
घबराई युवती ने तुरंत अपने घर फोन कर दिया और शोर मचाना शुरू कर दिया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और युवक को पकड़ लिया। इसके बाद लोगों ने युवक की चप्पलों से जमकर पिटाई कर दी। गुस्साए लोगों ने उसके सिर और मुंह पर कई बार चप्पलें मारीं।
घटना के दौरान की पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरों में भी कैद हो गई। वीडियो में देखा जा सकता है कि युवक एक्टिवा पर बैठकर युवती से बात कर रहा था और उसी दौरान उसने युवती के साथ गलत हरकत करने की कोशिश की। युवती ने भी तुरंत विरोध करते हुए युवक को थप्पड़ मार दिए।
मौके पर मौजूद लोगों ने आरोपी को चारों तरफ से घेर लिया, जिसके बाद युवती ने भी चप्पल निकालकर उसे मारा। काफी देर तक हंगामा चलता रहा। बाद में घटना की सूचना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही थाना नंबर 5 की पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी युवक को हिरासत में लेकर थाने ले गई। थाना प्रभारी का कहना है कि इलाके के सीसीटीवी फुटेज कब्जे में ले लिए गए हैं और मामले की जांच की जा रही है। युवती और उसके परिजनों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं।

