भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा का प्रदर्शन, राहुल गांधी का पुतला फूंक जताया रोष

Featured JALANDHAR POLITICS ZEE PUNJAB TV

भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा का प्रदर्शन, राहुल गांधी का पुतला फूंक जताया रोष

 

जालंधर 21 फरवरी (ब्यूरो) : भारतीय जनता पार्टी के युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं ने शहर में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के स्थानीय कार्यालय के बाहर प्रदर्शन करते हुए राहुल गांधी का पुतला फूंका और कांग्रेस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। यह प्रदर्शन अंतरराष्ट्रीय एआई समिट के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए विरोध के विरोध में किया गया।

 

 

जालंधर में आयोजित इस प्रदर्शन का नेतृत्व भाजपा युवा मोर्चा के अध्यक्ष पंकज जुल्का ने किया, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के साथ पार्टी के वरिष्ठ नेता और विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारी शामिल हुए। प्रदर्शन में भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील शर्मा, पूर्व सीपीएस और प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष केडी भंडारी, पूर्व विधायक शीतल अंगुराल, जिला महामंत्री अशोक सरीन हिक्की, राजेश कपूर, अमरजीत सिंह गोल्डी सहित कई नेता मौजूद रहे।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं में काफी रोष देखने को मिला और उन्होंने राहुल गांधी व कांग्रेस पार्टी के खिलाफ नारे लगाए। इस मौके पर सुशील शर्मा ने कहा कि लगातार चुनावी हार से कांग्रेस और राहुल गांधी बौखला चुके हैं और संवैधानिक मर्यादाओं को भूलकर अमर्यादित गतिविधियों को अंजाम दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब भारत वैश्विक स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बना रहा है, ऐसे समय में अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम के दौरान विरोध प्रदर्शन करना दुर्भाग्यपूर्ण है, जिससे देश की गरिमा को ठेस पहुंचती है।

 

केडी भंडारी ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत अपनी नेतृत्व क्षमता का प्रदर्शन कर रहा था, लेकिन उसी दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा विरोध करना अनुचित और अस्वीकार्य है। उन्होंने इसे राष्ट्र विरोधी कृत्य करार दिया।

 

पूर्व विधायक शीतल अंगुराल ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं का यह कदम उनकी नीतियों को उजागर करता है और इस प्रकार का विरोध देश की अंतरराष्ट्रीय प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने वाला है।

भाजपा युवा मोर्चा अध्यक्ष पंकज जुल्का ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने आजादी के बाद लंबे समय तक देश को नुकसान पहुंचाया और अब जब भारत आर्थिक रूप से प्रगति कर रहा है, तब कांग्रेस की सोच अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भी देश के हितों के खिलाफ दिखाई दे रही है।

इस दौरान भाजपा युवा मोर्चा जिला महामंत्री सूर्या मिश्रा, वरुण दुबे, दीपाली बागड़िया, शालू, पंकज लुथरा, विकास शारदा, निखिल जोशी, चेतन, गौरव राय, दीक्षित नीरज, हरप्रीत सिंह, संतोष, अश्वनी गांधी, प्रदीप खुल्लर, सोनू, सूरज, पार्थ दीक्षित, काका, मीता, विकास भारद्वाज, चंदन रखेजा, गुरमीत सिंह, आर.के. मल्होत्रा, मोहिंदर सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *